केंद्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वी के सिंह ने आज इस बात पर जोर देते हुए कि नरेंद्र मोदी सरकार चाहती है कि ‘‘सभी साथ रहें’’, कहा कि मुस्लिमों में एक ‘‘बड़ा वर्ग’’ है जो यह नहीं मानता कि भाजपा एक हिंदुवादी पार्टी है, यद्यपि संगठन की एक झूठी तस्वीर बना दी गई है।

विदेश राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म, जाति या भाषा नहीं होती और यह समुदायों को अलग करने का आधार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘यदि लोगों को 60 वर्षों तक कोई शैतान दिखाया गया है, एक झूठी तस्वीर बनाई गई है, निश्चित तौर पर वह तस्वीर अभी मिटी नहीं है और इसलिए आपको कुछ ऐसे लोग मिल जाएंगे जो यह मानते हैं कि भाजपा एक हिंदुवादी पार्टी है।’’

उन्होंने यहां ‘इंडिया टुडे ग्लोबल राउंडटेबल’ में कहा, ‘‘यद्यपि मुस्लिमों की आबादी का एक बड़ा वर्ग यह नहीं मानता।’’ उन्होंने यह बात इस सवाल के जवाब में कही कि बहुत ज्यादा मुस्लिम भाजपा शामिल क्यों नहीं होते।

सिंह ने विकास का एजेंडा आगे बढ़ाते हुए कहा कि प्रगति ऐसी होनी चाहिए कि ‘‘वह विभिन्न कारणों से बनाये गए झूठे अवरोधों को तोड़ दे।’’

जम्मू कश्मीर में समाधान के मुद्दे के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि ‘‘मुख्य प्रबंधन’’ राजनीतिक रूप से होना है। यदि उनकी पार्टी वहां पर सरकार बनाती है तो वह समाधान सुनिश्चित करने की ओर पहला कदम होगा।