इन दिनों देश में #MeToo मूवमेंट छाया हुआ है। इस मूवमेंट के तहत विभिन्न महिलाएं पूर्व में अपने साथ हुए यौन शोषण और छेड़छाड़ की घटनाओं को सोशल मीडिया पर शेयर कर रही हैं। इस कैंपेन में अभी तक कई बड़े-बड़े सेलेब्रिटीज के नामों का खुलासा हो चुका है। अब #MeToo कैंपेन पर भाजपा नेता और सांसद उदित राज ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है। उदित राज ने कहा है कि “आदतन महिलाएं पुरुषों पर इस तरह के आरोप लगाने के 2-4 लाख रुपए लेती हैं और इसके बाद दूसरे व्यक्ति को पकड़ लेती हैं। मैं मानता हूं कि यह पुरुषों का नेचर है, लेकिन क्या महिलाएं परफेक्ट हैं? क्या इसका दुरुपयोग नहीं किया जा सकता? इससे एक व्यक्ति का जीवन तबाह हो सकता है।”

बता दें कि भारत में मी टू अभियान की शुरुआत तनुश्री द्वारा नाना पाटेकर के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप लगाने के बाद शुरु हुई थी। उसके बाद से कई महिलाओं ने अपने साथ पूर्व में हुई आपबीती को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। मी टू अभियान का समर्थन करते हुए फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी फिल्म निर्देशक विकास बहल पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। बता दें कि विकास बहल के निर्देशन में बनी सुपरहिट फिल्म क्वीन में कंगना रनौत ने मुख्य भूमिका निभायी थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म AIB के गुरुसिमरन खंबा और तन्मय भट्ट पर भी ऐसे आरोप लग चुके हैं। फिल्म अभिनेता रजत कपूर के खिलाफ भी ऐसे ही आरोप लगे हैं। ताजा मामला टीवी अभिनेता आलोकनाथ का है।