गुजरात के जूनागढ़ जिले में भाजपा सांसद राजेश चूड़ासामा एक कार्यक्रम में डांस कर रहे लोगों पर नोट उड़ाते दिख रहे हैं। वायरल हुई एक वीडियो से यह बात सामने आई है।
भाजपा नेता ने इसका बचाव करते हुए कहा कि यह एक परंपरा है। वीडियो में दिख रहा है कि जूनागढ़ के सांसद चूड़ासामा शनिवार रात गणेश पूजा में नृत्य कर रहे लोगों पर 10 रुपये के नोट उड़ा रहे हैं।
वीडियो में कुछ अन्य भाजपा नेता भी नोट उड़ाते हुए दिख रहे हैं। इनमें कृषि राज्य मंत्री जश बराद के बेटे दिलीप बराद और कोडिनार नगरपालिका के अध्यक्ष शिव सोलंकी भी कथित रूप से दिख रहे हैं। सोलंकी आरटीआई कार्यकर्ता अमित जेठवा की हत्या मामले में आरोपी हैं।
चूड़ासामा ने कहा कि यह लोक दायरो में सामान्य चलन है। इस राशि का उपयोग सामाजिक कार्यों में किया गया जाएगा। उन्होंने कहा, यह हमारे क्षेत्र में इस प्रकार से राशि एकत्र करने के लिए आम चलन है। इस राशि का उपयोग युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण देने के लिए किया जाएगा।

