भाजपा सांसद महेश गिरि ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 18 से 25 मार्च तक राष्ट्र रक्षा महायज्ञ कराने की घोषण की है। इसके लिए उन्होंने देश भर में ‘घी रथ यात्रा’ निकालने की बात भी कही है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘पूरे देश में घी रथ यात्राएं निकाली जाएंगी जो हर घर से एक चम्म्च घी एकत्र करेंगी, ताकि यज्ञ में हर किसी की ओर से आहुति अर्पित की जा सके।’ उनका ट्वीट सामने आते ही लोग पूछने लगे कि घी क्या पकोड़े तलने के लिए चाहिए? ऐसे ही एक व्यक्ति ने लिखा, ‘घी रथ यात्रा में एकत्र हुए घी से पकोड़े बनाने सिखाए जाएंगे।’ गौरव ने ट्वीट किया, ‘पकोड़े तलने के लिए चाहिए।’ अमित वर्मा ने लिखा, ‘लगता है कोई अलग मंत्रालय बना है ‘पकोड़े तल मंत्रालय।’ इसका प्रभार इनको दिया गया है। एक साल बचा है, कुछ ढंग का काम भी कर लीजिए।’ आशीष भट्ट ने ट्वीट किया, ‘पहले मेरी ईंटों का हिसाब तो दो जो मंदिर बनाने के लिए ले गए थे। अब अपना घी नहीं चुराने दूंगा।’ जमील अहमद ने लिखा, ‘माना पकोड़े बनाने के लिए तेल चाहिए, लेकिन घी के पकोड़े कौन खाएगा भाई?’ कुछ ने विकास के वादे भी याद दिलाए। एक व्यक्ति ने लिखा, ‘विकास की बात करते-करते फिर से वही यज्ञ, हवन और रथ की ओर दौड़ने लगे महोदय।’ मुकेश त्रिपाठी ने ट्वीट किया, ‘ये सब बकवास वाले काम छोड़ कर कुछ अच्छा कर लो। वैसे दिल्ली में बहुत कूड़ा-कचरा फैला हुआ है।’
पूरे देश मे घी रथ यात्राएं निकाली जाएंगी जो हर घर से एक चम्मच घी एकत्र करेंगी ताकि यज्ञ ने हर किसी की ओर आहुति अर्पण की जा सके।
— Maheish Girri (@MaheishGirri) January 22, 2018
राष्ट्र रक्षा महायज्ञ की आधिकारिक घोषणा करने में मुझे गर्व की अनुभूति हो रही है। यह अद्भुत सांस्कृतिक महोत्सव लाल किला मैदान पर 18 से 25 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। #Mahayagya4Nation pic.twitter.com/AuB64Z07wT
— Maheish Girri (@MaheishGirri) January 22, 2018
लोगों को रोटी नहीं मिल रही और ये भाई साहब घी को आग मे डाल कर हवन करेंगे।भैया जी एक एक चम्मच पैट्रोल ही मांग लिये होते।हमारे मन की बात।
— Yashpal (@Yashpal65217246) January 30, 2018
मोदी जी ने जो देश भर से लोहा इकट्ठा करवाया था वो कहाँ है? और जिस देश में बच्चे "भात भात" करते हुए मर जाते हैं वहां आप घी से यज्ञ करेंगे? चुनाव नजदीक है जरा जल्दी करें।
— पकौड़े वाले PM (@desi_villain) January 30, 2018
भाजपा सांसद ने बताया कि आठ दिनों तक चलने वाले यज्ञ में देश की समृद्धि की कामना करते हुए आठ संकल्प लिए जाएंगे। महेश गिरि ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि इन संकल्पों से मां भारती से संबंध और सुदृढ़ होंगे। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों के कलाकार देश की सांस्कृतिक परंपरा से लोगों को रूबरू कराएंगे। यज्ञ के लिए लाल किला मैदान में 108 यज्ञ कुंड बनाए जाएंगे। इनमें 1,111 ब्राह्मण मां पीतांबरा बगलामुखी को अर्घ्य अर्पण करेंगे। उन्होंने बताया कि यज्ञशाला के लिए चार धामों के साथ-साथ देश के सभी सीमावर्ती क्षेत्रों से जल और मिट्टी लाए जाएंगे। इस दौरान ‘वैदिक ग्राम’ का निर्माण भी किया जाएगा। इसका डिजाइन तैयार करने की जिम्मेदारी प्रसिद्ध कला निर्देशक नितिन चंद्रकांत देसाई को दी गई है। भाजपा सांसद के अनुसार, इसमें संत, आध्यात्मिक गुरु, राजनेता, नौकरशाह, फिल्म कलाकार और उद्योगपति भी हिस्सा लेंगे।
