मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 15 उम्मीदवारों के नाम हैं। 2 उम्मीदवार सहयोगी दलों के हैं। शिवसेना की सूची में एक बड़ा नाम बीजेपी की राष्ट्रीय प्रवक्ता शायना एनसी का है। शायना एनसी मुंबा देवी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगी। मुंबा देवी सीट मुंबई लोकसभा सीट का हिस्सा है और 2009 से यहां कांग्रेस चुनाव जीत रही है।
टिकट मिलने के थोड़ी ही देर बाद शायना एनसी शिवसेना शिंदे गुट में शामिल हो गयीं।
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाने हैं। महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं। 23 अक्टूबर को शिवसेना ने महाराष्ट्र के चुनाव के लिए 45 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी।
शिवसेना के राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा वर्ली में शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे के खिलाफ पार्टी के उम्मीदवार हैं। संजय निरुपम डिंडोशी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। जबकि बीजेपी के सांसद और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे नीलेश राणे कुडाल सीट से चुनाव मैदान में हैं।
एकनाथ शिंदे ने दाखिल किया नामांकन
इससे पहले सोमवार दिन में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कोपरी-पचपाखड़ी विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। शिवसेना (यूबीटी) ने ठाणे के दिग्गज दिवंगत आनंद दीघे के भतीजे केदार दीघे को इस सीट से मैदान में उतारा है। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में बीजेपी, शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी शामिल है। जबकि विपक्षी एमवीए में शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (शरद पवार गुट) और कांग्रेस शामिल हैं। दोनों ही विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं।
कांग्रेस ने घोषित किए टिकट
इसी के साथ कांग्रेस ने दोनों चुनावी राज्यों- झारखंड और महाराष्ट्र के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। झारखंड के लिए 2 और महाराष्ट्र के लिए 4 उम्मीदवारों को पार्टी ने टिकट दिया है।
बीजेपी ने भी जारी की थी सूची
इससे पहले बीजेपी ने भी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी थी। इस सूची में सबसे बड़ा नाम अर्चना पाटिल चाकुरकर का है। अर्चना पाटिल पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल की बहू हैं और उन्हें लातूर शहर सीट से टिकट दिया गया है। उनका मुकाबला पूर्व मंत्री और तीन बार विधायक रहे अमित देशमुख से है। अमित देशमुख पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे हैं।
आर्वी सीट पर बीजेपी ने मौजूदा विधायक दादाराव केचे की जगह सुनील वानखेड़े को टिकट दिया है। सुनील वानखेड़े उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निजी सहायक रह चुके हैं।