गौतमबुद्ध नगर के एक प्रमुख भाजपा नेता ने पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा को लिखे पत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ शिकायत की है। भाजपा के इस नेता ने हाल ही में मारे गए गौरव चंदेल के परिवार के सदस्यों को 20 लाख रुपये का चेक सौंपने के मामले को लेकर अध्यक्ष से सीएम की शिकायत की है। नेता के मुताबिक गौरव चंदेल के परिवार के सदस्यों को चेक सौंपने के लिए जिलाधिकारी को भेजा गया था। उन्होंने मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ पर जिले के निर्वाचित प्रतिनिधियों को अनदेखा करने का आरोप लगते हुए राज्य सरकार के इस फैसले की आलोचना की है।
भाजपा नेता ने पार्टी अध्यक्ष को पत्र लिखते हुए कहा कि यदि निर्वाचित प्रतिनिधियों को चेक सौंपने के लिए कहा जाता, तो यह सार्वजनिक रूप से एक अच्छा संदेश होता। बता दें ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी निवासी मृतक गौरव चंदेल के परिवार से मिलने डीएम बीएन सिंह और मेरठ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आलोक सिंह पहुंचे थे और परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 20 लाख रुपए की सहायता धनराशि का चेक दिया था।
बता दें 6 जनवरी की रात रहस्यमय हालातों में गौरव चंदेल गायब हो गए थे, गौरव गुरुग्राम स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में रीजनल मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। गौरव दफ्तर के बाद पत्नी से बात करते हुए घर वापिस लौट रहे थे। उसके बाद अचानक ही गौरव गायब हो गए, गौरव ने मोबाइल पर बताया था कि वे कार के कागजात चैक करा रहे हैं। उसके बाद गौरव चंदेल का कोई पता-ठिकाना नहीं मिला। बाद में उनका शव बरामद हुआ था। पुलिस के मुताबिक गौरव को कार के बाहर 32 बोर की पिस्टल से गोली मारी गई थी। हत्या के दिन फॉरेंसिक टीम को 32 बोर का खोखा मिला था। हत्यारों ने गौर सिटी के पास गौरव का मोबाइल फेंक दिया था।
