पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का आज (शनिवार, 24 अगस्त, 2019) निधन हो गया। 67 वर्षीय जेटली लंबे समय से बीमार थे। वह पिछले 15 दिन से एम्स में भर्ती थे। उन्हें पिछले एक सप्ताह से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। जेटली प्रखर वक्ता, कुशल अधिवक्ता और सौम्य नेता थे।
विपक्षी दल के लोग भी उनकी सौम्यता के कायल थे। यही वजह है कि जेटली के पसंदीदा नेताओं में उनकी पार्टी के पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के साथ-साथ कांग्रेस के नेता रहे पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी रहे हैं। जेटली ने खुद एक इंटरव्यू में इसका खुलासा किया था कि वो इन दोनों नेताओं के फैन थे।
2016 में दिए इंटरव्यू में जेटली ने कहा था कि जब आप इन दो नेताओं से मिलेंगे तो आप लंबे समय तक उस याद को संजोए रखेंगे। जेटली के दोस्त देश में ही नहीं थे। सात समंदर पार भी उनकी दोस्ती थी। ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स से भी अरुण जेटली की गहरी दोस्ती थी। यही वजह थी कि जेटली के ड्राइंग रूम में प्रिंस चार्ल्स की तस्वीर टंगी होती थी।
इस बारे में पूछने पर जेटली बताते थे कि ये तस्वीर उनके दोस्त की है। जेटली को घूमने-फिरने का भी शौक था। ऑस्ट्रिया, स्विटजरलैंड और कश्मीर की सैर करना उन्हें बहुत पसंद था।
[bc_video video_id=”5801902363001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
जेटली की दिलचस्पी क्रिकेट में थी। इसके अलावा उन्हें हॉकी, सॉकर, टेनिस और कबड्डी में भी रुचि थी। वो 1990 से पहले इन खेलों के मैचों का आनंद बड़े टीवी स्क्रीन पर उठाया करते थे। उन्हें पुराने हिन्दी फिन्मी गानों का भी शौक था। बतौर जेटली वो अक्सर रात 10 बजे के करीब सोने जाया करते थे और उस वक्त कमरे में हिन्दी फिल्मी गीत सुना करते थे।