भाजपा की महिला नेता संचिता गजपति राजू को वराह लक्ष्मी नरसिम्हा मंदिर, सिंहचलम का अध्यक्ष व ट्रस्टी बनाए जाने के बाद विवाद होता नजर आ रहा है। पार्टी ने उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे पूछा गया है कि वह इस पद पर कैसे काबिज हुईं।
पार्टी के शीर्ष नेताओं का कहना है कि उनके जवाब के बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित करने पर विचार किया जाएगा। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा की सदस्य हैं। इस बिनाह पर संगठन के महासचिव को भी नोटिस भेजा गया है और जवाब मांगा गया है। बता दें कि मंगलवार की रात जगन सरकार की तरफ से उन्हें लक्ष्मी नरसिम्हा मंदिर का ट्रस्टी और अध्यक्ष बनाए जाने के आदेश जारी किए गए थे।
29 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह का भी आयोजन किया जाना था हालांकि अंतिम क्षणों में यह फैसला टाल दिया गया। कार्यभार संभालने के बाद, स्वर्गीय पशुपति आनंद गजपति राजू की बेटी संचिता ने मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी का धन्यवाद किया।
संचिता उमा गजपति राजू की बेटी हैं। वह पेशे से वकील हैं। संचिता साल 2018 में भाजपा में शामिल हुईं। उन्होंने 2019 के चुनावों के दौरान विशाखापत्तनम में भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार भी किया।

