कुछ दिन पहले राजस्थान के कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह गुढा ने जिस लाल डायरी की चर्चा की थी उसे अब बीजेपी ने अपना हथियार बना लिया है।उसी लाल डायरी के सहारे बीजेपी अशोक गहलोत सरकार पर ताबड़तोड़ हमले कर रही है। गुरुवार को दिल्ली में बीजेपी के तेजतर्रार प्रवक्ता डॉक्टर सुधांशु त्रिवेदी ने हमला बोला।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉक्टर त्रिवेदी ने कहा कि इस घटना के बाद कांग्रेस के नेताओं को शर्म से लाल हो जाना चाहिए, लेकिन दु:ख की बात यह है कि बेशर्म कांग्रेस और राजस्थान सरकार इन चीजों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘लाल डायरी’ कांग्रेस की राजस्थान सरकार के लिए बोफोर्स कांड से कम नहीं है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार, महिलाओं के साथ दुष्कर्म, दलित उत्पीड़न जैसी शर्मनाक घटनाएं आए दिन हो रही हैं पर राजस्थान सरकार इसको लेकर गंभीर नहीं है। राजस्थान सरकार के कारनामों में अब एक और नया काला अध्याय जुड़ गया है। ये काला अध्याय लाल डायरी से संबंधित है।
लाल डायरी के अभी जो कुछ अंश सामने आए हैं, उससे कांग्रेस के अंदर और सरकार के द्वारा राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन और इस तरह के संस्थानों से पैसों के लेनदेन की बातें भी सामने आ रही हैं।
त्रिवेदी ने कहा कि यह विषय केवल एक आरोप नहीं है, यह विषय राजस्थान सरकार के एक मंत्री द्वारा सदन के पटल पर उठाया गया था। इससे अधिक प्रमाणिकता राजस्थान सरकार के भ्रष्टाचार की और क्या हो सकती है।
उन्होंने कहा कि बोफोर्स के मामले में भी इसी प्रकार राजीव गांधी सरकार के तत्कालीन मंत्री वीपी सिंह ने आरोप लगाया था। अब इसी प्रकार अशोक गहलोत सरकार के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने अपनी ही सरकार पर आरोप लगाए हैं। इसे निषपक्ष ढंग से जांच करने की जरूरत है पर राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार इसे छिपाने में लगी हुई है।