रूस के कजान में एक बड़ा हमला हुआ है, जिसे 9/11 की तरह बताया जा रहा है। कजान मॉस्को से 720 किलोमीटर दूर है। इस हमले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि कजान में तीन ऊंची इमारतों को निशाना बनाया गया है। जिसमें एक ड्रोन इमारत से टकराते हुए दिखाई दे रहा है। इस हमले का संदेह यूक्रेन पर है। फिलहाल सोशल मीडिया पर इस मामले से जुड़ी कई वीडियोज़ और तस्वीरें वायरल हो रही हैं। कजान वही शहर है जहां इस साल (2024) में ब्रिक्स सम्मेलन हुआ था। फिलहाल इन हमलों में किसे के हताहत होने की खबर सामने नहीं आ रही है।
सीरियल ड्रोन (UAV) अटैक
कजान शहर में हुए यह हमले सीरियल ड्रोन (UAV) अटैक कहे जा रहे हैं। जिसके बाद भारी नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस के रक्षा मंत्रालय ने ट्वीट कर हमले का जिम्मेदार पूरी तरह यूक्रेन को बताया है।
कहा जा रहा है कि कजान शहर में हुआ यह हमला ठीक 9\11 हमले की तरह था। 11 सितम्बर 2001 को आत्मघाती हमलावरों ने अमेरिकी यात्री विमानों पर कब्ज़ा कर लिया था और उन्हें न्यूयॉर्क की दो गगनचुम्बी इमारतों से टकरा दिया था, जिसमें हजारों लोग मारे गये थे।
अलकायदा के आत्मघाती दस्तों ने चार हवाई जहाज का अपहरण किया और फिर कुछ मिनट के अंतराल पर ही अमेरिका के मशहूर वर्ल्ड ट्रेड टॉवर के दो बहुमंजिला इमारतें जमींदोज कर दी थी।
कुल मिलाकर 2,977 लोगों (19 अपहरणकर्ताओं को छोड़कर) की जान चली गई थी। जिनमें से अधिकांश न्यूयॉर्क में मारे गए थे। चारों विमानों में सवार सभी 246 यात्री और चालक दल के सदस्य मारे गए थे। ट्विन टावर्स में 2,606 लोग मारे गए या तो तब या बाद में चोटों के कारण पेंटागन में 125 लोग मारे गए थे।