Asian Games 2018 India Medal Tally, Medal Table Asian Games 2018 : 18वें एशियाई खेलों का तीसरा दिन भारत के लिए निशानेबाजी में बेहद शानदार रहा। भारत ने इस दिन एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक के साथ कुल तीन पदक अपने नाम किए। मेरठ के रहने वाले महज 16 साल के सौरभ चौधरी ने मंगलवार को अपने पहले ही एशियाई खेलों में सोने पर निशाना लगा भारत को दिन की स्वर्णिम शुरुआत दी। सौरभ ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इसी स्पर्धा में अभिषेक वर्मा ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। भारत के अनुभवी निशानेबाज और पिछले तीन एशियाई खेलों में पदक अपने नाम कर चुके संजीव राजपूत ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल तीन पोजीशन स्पर्धा में रजत पदक अपनी झोली में डाला।
भारत को हालांकि मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल पदक नहीं मिल सका। श्रेयसी सिंह और लक्ष्य श्योराण फाइनल में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। सौरभ ने एशियाई खेलों में इस स्पर्धा का रिकॉर्ड तोड़ते हुए कुल 240.7 अंक हासिल किए और सोना जीता। उनके साथ अभिषेक ने फाइनल में शीर्ष-3 में जगह बनाई और अंत में कुल 219.3 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। फाइनल में पहले पांच निशानों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए सौरभ दूसरे और अभिषेक चौथे स्थान पर थे।
इसके बाद दोनों ने अपनी लय बरकरार रखते हुए शीर्ष-3 खिलाड़ियों में जगह बनाई। यहां एक गलत निशाने के कारण अभिषेक स्वर्ण पदक से चूक गए और उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा। साल 2015 में निशानेबाजी में कदम रखने वाले सौरभ ने अपने दोनों निशाने जापान के तोमोयुकी मात्सुदा से बेहतर लगाते हुए सोना जीता। तोमोयुकी को रजत पदक हासिल हुआ।


भारत की महिला पहलवान दिव्या काकरान ने 68 किलोग्राम भारवर्ग फ्री स्टाइल स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया है। दिव्या ने कांस्य पदक के मैच में चीनी ताइपे की चेन वेनलिंग को 10-0 से मात देकर तकनीकी दक्षता के आधार पर मात देते हुए अपने पहले ही एशियाई खेलों में पदक जीता। दिव्या को मंगोलिया की पहलवान तुमेनटसेटसेग शारखु ने क्वार्टर फाइनल में 11-1 से मात दी थी।
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने एशियाई खेलों में थाईलैंड को 49-30 से मात दी। ग्रुप-ए में शामिल भारतीय टीम की यह तीसरी जीत है। भारत ने इससे पहले, श्रीलंका को 44-28 से और बांग्लादेश को 50-21 से करारी शिकस्त दी थी। हालांकि दक्षिण कोरिया के हाथों संघर्षपूर्ण मुकाबले में उसे 23-24 से हार का सामना करना पड़ा था।
भारतीय महिला हैंडबाल टीम का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को ग्रुप-ए के मैच में उत्तरी कोरिया ने भारत को 49-19 के अंतर से मात दी। भारत ने अभी तक चार मैच खेले हैं और चारों मैचों में उसे हार मिली है।
भारतीय टीम ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों में ताक्रा की टीम स्पर्धा का कांस्य अपने नाम किया। यह भारत द्वारा इस स्पर्धा में जीता गया पहला एशियाई खेलों का पदक है।
श्रेयसी सिंह और लक्ष्य की भारतीय टीम निशानेबाजी की ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में पदक की दौड़ से बाहर हो गए हैं। श्रेयसी और लक्ष्य की भारतीय टीम फाइनल स्पर्धा से बाहर होने वाली पहली टीम थी।
भारत के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और दिविज शरण की जोड़ी ने एशियाई खेलों में मंगलवार को टेनिस की पुरुष युगल वर्ग स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। बोपन्ना और शरण की जोड़ी ने पुरुष युगल के प्री-क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के नुतानोन कदचापनन और विशाया त्रोंगचारोएनचेकुल की जोड़ी को मात दी।
भारत के पहलवान मनीष यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के तीसरे दिन पुरुषों की 67 किलोग्राम भारवर्ग ग्रीकोरोमन स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में हार गए। प्री-क्वार्टर फाइनल में मनीष को कजाकिस्तान के अल्मत केबीसपायेव ने 8-0 से शिकस्त दी।
भारत के पुरुष पहलवान ज्ञानेंद्र 60 किलोग्राम भारवर्ग ग्रीकोरोमन स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में हार गए हैं। ज्ञानेंद्र को उज्बेकिस्तान के इस्लोमजोन बाखरामोव ने एकतरफा मुकाबले में 5-0 से मात दी।
भारतीय महिला वॉलीबाल टीम को यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के तीसरे दिन मंगलवार को दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। भारत को पूल-बी के मैच में वियतनाम ने 3-0 से मात दी। इससे पहले भारतीय टीम रविवार को कोरिया ने 3-0 से हरा दिय था।
दीपिका कुमारी, प्रोमिला देमेरी और अंकिता भकत की भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने मंगलवार को महिलाओं की रिकर्व टीम तीरंदाजी स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। प्री-क्वार्टर फाइनल में भारतीय महिला टीम का सामना मंगोलिया से होगा।
भारतीय निशानेबाज संजीव राजपूत ने मंगलवार को यहां 18वें एशियाई खेलों में पुरुषों की 50 मीटर राइफल-3 पोजिशन स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया। संजीव ने 452.7 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल कर रजत पर कब्जा जमाया। भारतीय निशानेबाज संजीव का यह एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में जीता गया पहला पदक है।
50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में संजीव राजपूत ने सिल्वर मेडल जीत लिया है। एशियन गेम्स 2018 में ये भारत के लिए 8वां पदक है।
भारतीय शूटर संजीव राजपूत 50 मीटर एयर पिस्टल 3-पोजिशन प्रतियोगिता के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले स्थान पर काबिज हैं।
भारतीय पहलाव ज्ञानेंद्र दहिया ने 60 किलोग्राम भारवर्ग की ग्रीको रोमन की कुश्ती में थाइलैंड के पियाबुत वीरतुल को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। इससे पहले भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट भारत को स्वर्ण पदक दिला चुके हैं।
50 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता के फाइनल में भारतीय शूटर संजीव राजपूत दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। इससे पहले शूटिंग में भारत को आज एक गोल्ड और एक कांस्य पदक मिल चुका है।
भारतीय पुरुष हैंडबाल टीम जल्द ही मुख्य राउंड के ग्रुप-3 में पाकिस्तान की हैंडबाल टीम का सामना करने उतरेगी। वहीं टेनिस में भारत के सुमित नांगल और रामनाथन राम कुमार की जोड़ी पुरुषों की डबल प्रतियोगिता में चीनी ताइपे ती चेन और शेनयान पेंग की जोड़ी का सामना करेगी।
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने आज ग्रुप-ए के मैच नंबर 9 में इंडोनेशिया की टीम को 54-22 के अंतर से हरा दिया है। भारतीय महिला कबड्डी ने टीम अभी तक खेले अपने तीनों मैचों में जीत दर्ज की है। इंडोनेशिया के खिलाफ भारतीय महिला टीम का डिफेंस, सटीकता का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आसान जीत हासिल की।
भारतीय शूटर संजीव राजपूत ने पुरुषों की 50मीटर राइफल 3 पोजिशन प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। हालांकि एक अन्य शूटर अखिल श्योरन फाइनल में स्थान बनाने से चूक गए। इससे पहले सौरभ चौधरी और अभिषेक वर्मा ने आज भारत को एक गोल्ड और एक कांस्य पदक दिलाया है।
भारतीय शूटर सौरभ चौधरी ने पुरुषों के 10मीटर एयर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर भारत को खुशी मनाने का एक और मौका दिया है। इसके साथ ही भारत को शूटर अभिषेक वर्मा ने दोहरी खुशी मनाने का मौका दिया है। बता दें कि अभिषेक वर्मा ने भी 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया है।
अब सभी की निगाहें भारतीय शूटर सौरभ चौधरी और अभिषेक वर्मा पर लगी हुई हैं। एशियन गेम्स में जारी 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष प्रतियोगिता के फाइनल में सौरभ चौधरी दूसरे स्थान पर चल रहे हैं, वहीं अभिषेक वर्मा चौथे स्थान पर बने हुए हैं।
भारतीय फेंसिंग खिलाड़ी जसजीरत सिंह ने वियतनाम की खिलाड़ी त्रान थी को 5-4 से मात दे दी। वहीं भारतीय ताइक्वांडो खिलाड़ी कशिश मलिक ने महिलाओं के 57 किलो भारवर्ग में जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
एशियन गेम्स 2018 में एक बार फिर चीन ने अपना दबदबा कायम रखा है और 36 पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है।
भारत की महिला वॉलीबाल टीम पूल-बी में वियतनाम से 3-0 से हार गई है।
भारतीय नौकायन टीम ने पुरुषों के क्वाडरपल स्कल प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही भारत के मलकीत सिंह और गुरइंदर सिंह ने भी नौकायन की पुरुषों की पेयर प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
भारतीय शूटर सौरभ चौधरी और अभिषेक वर्मा ने पुरुषों की 10 मीटर एअर पिस्टल प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बना ली है। सौरभ चौधरी ने जहां 586 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, वहीं अभिषेक वर्मा 580 अंकों के साथ छठे नंबर पर रहे।
शूटिंग- 50 मीटर राइफल के पुरुष इवेंट में भारतीय शूटर संजीव राजपूत ने दूसरा और अखिल श्योरन ने 16वां स्थान हासिल किया है।
एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया के सोनीपत स्थित घर पर खुशी का माहौल है। बजरंग पुनिया के परिजनों का कहना है कि हम बहुत खुश हैं और अब उसके भव्य स्वागत की तैयारी कर रहे हैं। अब हम उसे टोक्यो ओलंपिक में भी स्वर्ण पदक जीतते हुए देखना चाहते हैं। बता दें कि बजरंग पुनिया ने एशियन गेम्स में पुरुषों के 65 किलो भारवर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया है।
भारतीय रोवर दत्तु भोकनल ने पुरुषों की सिंगल स्कल प्रतियोगिता के लिए फाइनल में जगह बना ली है। दत्तु ने रेपचेज में शीर्ष स्थान हासिल किया था।