राफेल डील से विवादों से घिरे अनिल अंबानी की एक दूसरी कंपनी को भारतीय नौसेना के लिए 5 पैट्रोल व्हीकल बनाने का ठेका है। ये व्हीकल, तटवर्ती क्षेत्रों की निगराने के लिए तैयार किए जा रहे हैं। हालांकि, इनकी आपूर्ति में देरी को लेकर यह कंपनी भी मुश्किलों से घिरी हुई है। न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक नौसेना के प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा ने ‘रिलायंस नेवल इंजीनियरिंग लिमिटेड’ को दिए ठेके के बारे में बताया, “डील के संबंध में बैंक गारंटी को भुना लिया गया है। हम कॉन्ट्रैक्ट की समीक्षा कर रहे हैं।”
सोमवार को नौसेना की सालाना प्रेस-कॉन्फ्रेंस में एडमिरल सुनील लांबा ने बताया कि नेवी में 56 नए युद्धपोत और पनडुब्बी शामिल किए जा रहे हैं। इसके अलावा तीसरे एयरक्राफ्ट कैरियर को भी शामिल करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। देश की समुद्री सीमाओं को सुरक्षा के लिहाज से इंडियन नेवी को ज्यादा मज़बूत बनाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा, ” मैं राष्ट्र को आश्वस्थ करता हूं कि समुद्र से सटे भारत के सभी तटवर्ती इलाकों में नेवी 24 घंटे निगरानी कर रही है।”
इस दौरान उन्होंने बताया कि तटवर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए 2.5 लाख फिशिंग बोट की पहचान के लिए उनको ऑटोमेटिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है।