आंध्र प्रदेश के अल्लूरी में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और 22 लोग घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार तड़के हुआ। पुलिस ने बताया कि चित्तूर से पड़ोसी राज्य तेलंगाना जा रही बस में चालक और सफाईकर्मी समेत 37 लोग सवार थे। इनमें से 6 लोग सुरक्षित हैं।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित बरदार ने बताया कि यह हादसा दुर्गा मंदिर के पास चित्तूर-मारेदुमिल्ली घाट मार्ग पर सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। घाट रोड से बस गिरने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 22 लोग घायल हो गए। बरदार ने पीटीआई को बताया, “बस पूरी तरह से घाटी में नहीं गिरी। वह पलट गई और वहीं फंस गई।” उन्होंने आगे बताया कि घायलों में से चार की हालत गंभीर है।
मुख्यमंत्री ने दिए घायलों को चिकित्सा सहायता देने के निर्देश
अधिकारी के अनुसार, संभवतः भारी कोहरे के कारण बस चालक दुर्घटनास्थल पर मोड़ नहीं देख पाया जो मोथुगुडेम पुलिस थाना क्षेत्र में पड़ता है।
बरदार ने बताया कि बस यात्री चित्तूर से तेलंगाना के भद्राचलम स्थित श्री राम मंदिर जा रहे थे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी घटना पर शोक जताया है और घायलों को चिकित्सा सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आंध्र प्रदेश में बस दुर्घटना में हुई लोगों की मौत पर शुक्रवार को शोक व्यक्त किया। राष्ट्रपति ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की। राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में एक दुखद बस हादसे में लोगों की जान जाने के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।’’
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने दुर्घटना पर जताया शोक
सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने ट्वीट किया, “चित्तूर जिले के अल्लूरी सीताराम राजू के पास यात्रियों को ले जा रही एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हम गहरे सदमे में हैं। इस दुर्घटना में कई लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। मैंने दुर्घटना के संबंध में अधिकारियों से बात की और प्रभावित लोगों को दी जा रही सहायता के बारे में जानकारी जुटाई। मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं। सरकार इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के साथ खड़ी रहेगी।”
पढ़ें- खजुराहो के होटल में खाना खाने के बाद चार कर्मचारियों की मौत, पांच की हालत गंभीर
एएसआर जिला कलेक्टर के अनुसार, दुर्घटना में घायल यात्रियों को तत्काल इलाज के लिए भद्राचलम अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के कारणों और पीड़ितों की पहचान की जा रही है।
