Anant Singh Surrender Bihar News: बाहुबली अनंत सिंह ने मोकामा गैंगवॉर मामले में सरेंडर कर दिया है, उनसे पहले सोनू भी आत्मसमर्पण कर चुका है। बड़ी बात यह है कि अनंत सिंह खुद अदालत तक गए थे सरेंडर करने के लिए, अब वहां से उन्हें सीधे बेऊर जेल भेजने की तैयारी है।

मोकामा मामला है क्या?

अब जानकारी के लिए बता दें कि 22 जनवरी को बिहार के मोकामा में अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के बीच में 70 से 80 राउंड फायरिंग हुई थी। खुद अनंत सिंह उस हमले में बाल-बाल बच पाए थे, उनके एक समर्थक को गोली भी लगी थी। पुलिस ने उस मामले में एक्शन लेते हुए तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। अब समझने वाली बात यह है कि एक शिकायत तो खुद पुलिस ने दर्ज की है, तर्क दिया गया है कि उनके काम में बाधा डालने की कोशिश हुई, दूसरी FIR सोनू-मोनू के परिवार की तरफ से हुई है और तीसरी अनंत सिंह ने करवाई है।

सोनू और मोनू के खिलाफ लखीसराय और पटना जिले के अलग-अलग थानों में हत्या, किडनैपिंग और जबरन वसूली समेत 12 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। मोकामा राजकीय रेलवे पुलिस में भी उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। यह सभी ट्रेन की डकैती से संबंधित है।

अनंत सिंह कौन है?

अनंत सिंह की बात करें तो बिहार में वे ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर हैं। उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी के टिकट पर जीत हासिल की थी। मोकामा सीट का प्रतिनिधित्व इस समय सिंह की पत्नी नीलम देवी कर रही हैं, जिन्होंने आरजेडी के टिकट पर यह सीट जीती थी। अगस्त 2019 में उनके आवास से एके-47 राइफल बरामद होने के बाद अनंत सिंह आर्म्स मामले में 10 साल जेल की सजा काट रहे हैं।