भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आगामी 11 जुलाई को उत्तर प्रदेश में पार्टी के महासम्पर्क अभियान की कानपुर में समीक्षा करेंगे।

भाजपा प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने आज यहां बताया कि पार्टी अध्यक्ष शाह 11 जुलाई को कानपुर आएंगे और नये सदस्यों को जोड़ने के लिये शुरू किये गये दल के महासम्पर्क अभियान की समीक्षा करेंगे। इस दौरान उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल भी मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि पार्टी के सदस्यता अभियान के दौरान करीब दो करोड़ नये सदस्य बनाये गये हैं। अब उन्हें आधिकारिक रूप से सदस्य बनाने के लिये महासम्पर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसका पहला चरण 16 से 20 जून तक चलाया गया था।

पाठक ने बताया कि महासम्पर्क अभियान का दूसरा चरण डाक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयन्ती छह जुलाई को शुरू किया जाएगा, जो 10 जुलाई तक चलेगा।