आम आदमी पार्टी (आप) विधायक अल्का लांबा कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। लांबा ने मंगलवार (3 सितंबर 2019) को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। दिल्ली में इसी साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। अगर अल्का लांबा कांग्रेस में शामिल होती हैं तो यह आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए चुनाव से पहले बड़ा झटका होगा।
मालूम हो कि अल्का लांबा काफी लंबे समय से पार्टी से नाराज चल रही हैं। उन्होंने कहा है कि पार्टी द्वारा कई बार उनका अपमान किया जा चुका है जिसे वह नजरअंदाज नहीं कर सकतीं। उन्होंने बीते महीने ही सार्वजनिक मंच से पार्टी से नाते तोड़ने का एलान किया था। उन्होंने कहा था कि वह जल्द ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देंगी।
अलका का कहना है कि उन्होंने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला जनसभा के जरिये क्षेत्र के लोगों की राय लेने के बाद किया। वह जल्द ही पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देंगी लेकिन विधायक के तौर पर काम करना जारी रखेंगी। अलका का कहना है कि पार्टी द्वारा कई बार उनका अपमान किया गया है।
वहीं हाल ही में यह भी खबर आई है कि आप-कांग्रेस के तीन से चार विधायक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। ये नेता आर्टिकल 370 को हटाए जाने के एतिहासिक फैसले और और लोकसभा चुनाव के नतीजों से प्रभावित बताए जा रहे हैं। बीजेपी का कहना है कि ये वह नेता हैं जिन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ा था और हार गए थे। बहरहाल चुनाव से पहले और चुनाव नजदीक आते-आते पार्टी नेताओं का पाला बदलने का सिलसिला तेजी से बढ़ेगा।