एअर इंडिया की मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही फ्लाइट (AI119) को धमकी भरा पत्र मिला है। इसके बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। फ्लाइट को बीच उड़ान ही लौटना पड़ा। एअर इंडिया के बयान के मुताबिक विमान को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए फ्लाइट को सुबह 10.25 बजे मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतरा गया। फ्लाइट को 11 मार्च सुबह 5 बजे के लिए रीशेड्यूल किया गया है।
मिला था धमकी भरा नोट
मुंबई-न्यूयॉर्क जा रही फ्लाइट को धमकी भरा नोट मिला था। विमान में सवार सभी लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मुंबई वापस भेज दिया गया। यह घटना उस समय हुई जब विमान पहले से ही अपनी यात्रा पर था और न्यूयॉर्क की ओर बढ़ रहा था। इसी बीच फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला लिया गया।
20 मिनट देरी से भरी थी उड़ान
जानकारी के मुताबिक 10 मार्च को तड़के करीब 1:45 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से न्यूयार्क के लिए उड़ान भरनी थी। यह फ्लाइट अपने निर्धारित समय से करीब 20 मिनट की देरी से टेकऑफ हुआ। इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के ठीक बाद प्लेन को आइसोलेटेड वे में ले जाया गया। जहां सुरक्षा एजेंसियां प्लेन की जांच कर रही है।