शिकागो से नई दिल्ली आने वाली एअर इंडिया की उड़ान के रद्द हो जाने के कारण लगभग 300 यात्री अमेरिका के शिकागो एयरपोर्ट पर मंगलवार से फंसे हुए हैं। यात्रियों की शिकायत है कि अब भी इस बात को लेकर कोई जानकारी नहीं है कि वे दिल्ली के लिए उड़ान कब भर पाएंगे।

न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार उड़ान को स्थानीय समयानुसार मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे शिकागो के ओ हरे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (O’Hare International Airport) से उड़ान भरकर 15 मार्च को दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली आना था। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ”प्रभावित यात्रियों को हर तरह की मदद दी गई और उन्हें वैकल्पिक उड़ानों में भेजने के हर प्रयास किए जा रहे हैं। हमें अपने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद है।”

300 यात्री शिकागो एयरपोर्ट पर फंसे

एयर इंडिया की पिछले दो दिन में कम से कम तीन अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट तकनीकी गड़बड़ी के कारण प्रभावित हुई हैं। उड़ान रद्द होने से मंगलवार से 300 यात्री अमेरिका में शिकागो एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि शिकागो और वैंकुवर की उड़ानों को विमानों में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मंगलवार को रद्द कर दिया गया। सूत्रों ने यह भी बताया कि इसके अलावा पेरिस से दिल्ली आने वाली एक उड़ान रद्द करनी पड़ी। इस संबंध में जानकारी के लिए संपर्क किए जाने पर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान संख्या AI126 को 14 मार्च 2023 को तकनीकी गड़बड़ी के कारण रद्द करना पड़ा था।

पायलट की कमी से जूझ रही एयर इंडिया

गौरतलब है कि एयर इंडिया सहित कई विमानन कंपनियां पायलट की कमी से जूझ रही हैं। एयर इंडिया के पायलटों ने दिसंबर 2022 में लंबे समय तक काम करने और इसके बदले उचित मुआवजा नहीं देने के कारण हड़ताल करने की धमकी भी दी थी। पायलट की कमी के कारण भी कई विमान या तो देरी से उड़ान भर रहे हैं या फिर उन्हें रद्द करना पड़ रहा है। इस समय एयर इंडिया के पास अपने 113 विमानों के बेड़े को संचालित करने के लिए लगभग 1,600 पायलट हैं। कंपनी ने अपने बेड़े के साथ ही संचालन का विस्तार करने के लिए कुल 840 विमानों के लिए ऑर्डर दिया है। इसमें 370 विमानों को खरीदने का विकल्प शामिल है। यह किसी भी एयरलाइन द्वारा दिया गया सबसे बड़ा विमान ऑर्डर है।