कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बाद अब गुरुवार (एक दिसंबर) को कांग्रेस पार्टी का आधिकारिक टि्वटर अकाउंट हैक कर लिया गया हालांकि थोड़ी देर बाद ही पार्टी ने अपने अकाउंट पर नियंत्रण वापस पा लिया। कांग्रेस के टि्वटर अकाउंट से हैकरों ने आपत्तिजनक ट्वीट किए थे जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया गया। कांग्रेस का ट्विटर अकाउंट हैक करने का दावा उन्हीं हैकरों ने किया है जिन्होंने बुधवार को राहुल गांधी का अकाउंट हैक किया था। लीजियन नामक हैकर समूह ने कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से कई आपत्तिजनक ट्वीट करने के साथ ही दावा किया है कि उसने कांग्रेस का ईमेल भी हैक कर लिया है और क्रिसमस पर ये ईमेल उपहार के तौर पर पेश किए जाएंगे। हैकरों ने दावा किया है कि उनका कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है और उनके पास इतने दस्तावेज हैं कि वो कांग्रेस को मिट्टी में मिला सकते हैं।
बुधवार को राहुल गांधी का टि्वटर अकाउंट हैक करने के बाद हैकरों ने उनके हैंडल से उनके और उनके परिवार के बारे में अपशब्द पोस्ट कर दिए थे। हैकरों ने राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करके लिखा था, ‘मेरा परिवार देश को पिछले 60 साल से लूट रहा है। मैं भी आम लोगों को लूटना पसंद करता हूं।’ हैकरों ने राहुल गांधी के अकाउंट से कुल सात ट्वीट किए थे। हालांकि थोड़ी देर बाद कांग्रेस आईटी सेल ने वापस ट्विटर अकाउंट का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया। गुरुवार को भी कांग्रेस के हैक अकाउंट से पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया गया है।
बुधवार को लगातार छह ट्वीट के बाद लीजियन नाम के हैकर ग्रुप ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। कांग्रेस आईटी सेल ने ट्विटर अकाउंट पर दोबारा नियंत्रण हासिल करने के बाद सभी आपत्तिजनक ट्वीट हटा दिए। हैकरों को जवाब देते हुए गुरुवार को राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “सभी नफरत करने वालों से मैं कहना चाहूंगा कि मैं आपसे प्यार करता हूं। आप खूबसूरत लोग हैं। बस नफरत की वजह से इसे देख नहीं पा रहे हैं।”
ट्विटर अकाउंट हैक होने के बाद ट्विटर पर राहुल गांधी ट्रैंड करने लगा। ट्विटर यूजर्स ने राहुल गांधी को लेकर एक के बाद एक ट्वीट किए। ट्विटर पर कुछ यूजर्स ने इसके लिए राहुल का मजाक उड़ाया तो कुछ ने इस अनैतिक बताते हुए इसकी आलोचना की। वहीं कांग्रेस पार्टी ने राहुल का अकाउंट हैक होने के बाद डिजिटल इंडिया पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब कांग्रेस उपाध्यक्ष का अकाउंट हैक हो सकता है तो आम आदमी का क्या हाल होगा?
हालांकि कांग्रेस आईटी सेल ने कुछ ही देर बाद वापस राहुल के ट्विटर अकाउंट का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया लेकिन वो इन्फो में दी गई वेबसाइट की जानकारी देना भूल गए। जब कुछ ट्विटर यूजर्स ने इसकी तरफ ध्यान दिलाया तो इसे भी ठीक कर लिया गया।