उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां कुछ लोगों ने एक 15 साल की एक बच्ची को 13 महीने तक बंदी बनाकर रखा और इस दौरान उसके साथ कई बार रेप किया। इतना ही नहीं रेप के बाद इन लोगों ने उसे बेंचने की कोशिश भी की। पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक “एक नेपाली नागरिक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी मुख्य आरोपी हैं और स्कूल गार्ड के रूप में काम करते हैं। लड़की 5 महीने की गर्भवती है और उसकी हालत खराब है। पुलिस ने कहा कि मुख्य आरोपी उप्रेता कुमार उसे घर में काम दिलाने के बहाने विभिन्न लोगों के पास ले जाता था और पिछले 13 महीनों से उसके साथ बलात्कार कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि पैसों के लिए वह नाबालिग को अन्य लोगों को भी सौंप देता था, पुलिस ने बताया कि उसे 15 दिनों के लिए एक कमरे में बंदी बनाकर रखा जाता था, उसके साथ बलात्कार किया जाता था और कई बार खाने के लिए कुछ भी नहीं दिया जाता था।
लड़की हाल ही में भागने में सफल रही और घर पहुंच गई। पुलिस ने कहा कि जब उसके बीमार होने पर उसकी मां उसे एक डॉक्टर के पास ले गई तो पता चला कि लड़की पांच महीने की गर्भवती है। जिसके बाद महानगर पुलिस थाने में इसे लेकर एक शिकायत दर्ज़ कराई गई।
पुलिस ने कहा कि स्कूल गार्ड के अलावा गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों की पहचान जीतू कश्यप, वरुण तिवारी और अजय कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अपराध में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।