देश में बढ़ रहे मंकीपॉक्स के मामलों के बीच वैक्सीन पर काम चल रहा है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) के सीईओ अदार पूनावाल ने मंगलवार (2 अगस्त, 2022) को कहा कि मंकीपॉक्स की वैक्सीन के लिए शोध चल रहा है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इसकी आवश्यकता है।

अदार पूनावाला ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात के बाद यह बात कही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सोमवार को दिल्ली में मंकीपॉक्स का एक और मामला सामने आया है। यह शख्स नाइजीरिया से है। दिल्ली में मंकीपॉक्स का यह तीसरा और देश में आठवां केस है।

दिल्ली में मंकीपॉक्स के 3 मामले सामने आने के बाद अरविंद केजरीवाल सरकार ने मरीजों और संक्रमण के संदिग्ध मामलों के लिए आइसोलेशन वॉर्ड बनाने के आदेश दिए हैं। सूत्रों ने बताया कि तीन निजी अस्पतालों में ये आइसोलेशन वॉर्ड बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तरी दिल्ली में एमडी सिटी अस्पताल, पूर्वी दिल्ली में कैलाश दीपक अस्पताल और दक्षिणी दिल्ली में बत्रा अस्पताल में ये वॉर्ड बनाए जाएंगे।

सरकार की तरफ से दिए गए आदेशों के मुताबिक, हर अस्पताल को 5 कमरे संदिग्ध मामलों और 5 कमरे पुष्ट मामलों के लिए तैयार करने होंगे। मंकीपॉक्स के इलाज और टीके तैयार करने के प्रबंधन की निगरानी के लिए केंद्र ने एक राष्ट्रीय टास्क फोर्स का गठन किया है।

बता दें कि भारत में अब तक मंकीपॉक्स के 8 मामले सामने आ चुके हैं, इसका पहला मामला 14 जुलाई को केरल से सामने आया था। केंद्रीय स्वास्थय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि देश में सामने आए कुल 8 में से 5 लोग दूसरे देशों से यात्रा करके आए थे। विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के मुताबिक, 22 जुलाई तक दुनियाभर के 78 देशों में मंकीपॉक्स के 18,000 मामलों की पुष्टि की गई थी और 5 की इसके संक्रमण के मृत्यु हो गई।