महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता एकनाथ खड़्से पर कार्रवाई करने का दबाव मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर बढ़ता जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को राज्यपाल चौधरी विद्यासागर राव से मिलकर खड़से को मंत्रीपद से हटाने की मांग की। आप नेता प्रीति शर्मा मेनन ने कहा,” मैंने राज्यपाल जी को इस केस से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी दी हैं। मैंने उनसे इस केस में तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। जब तक खड्से मंत्री पद हैं उनके खिलाफ स्वतंत्र जांच नहीं हो सकती। पार्टी ने मुंबई के अलग अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया। मुंबई के व्यस्ततम इलाकों, दादर, कल्याण और बोरीवेली के रेलवे स्टेशनों पर शाम 6 बजे से 8 बजे तक पार्टी ने प्रदर्शन किया।
इसीबीच पूर्व आप नेता अंजली दमानिया ने कहा है कि जबतक मुख्यमंत्री खड्से के खिलाफ एक्शन नहीं लेते वे आजाद मैदान में भूख हड़ताल करेंगी। उनकी मांग है कि खड्से के इस्तीफे के बाद भी मुख्यमंत्री को लिखित में यह आश्वासन देना पड़ेगा कि इस केस की वें निश्चित समय-सीमा छह महीने में जांच कराएंगे और जांच हाई कोर्ट के तीन जजों की निगरानी में होगी।
आजाद मैदान में प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर रखी थी। मैदान को दो भागों में बांट रखा था। एक तरफ अंजली दमानिया अपने 15-20 समर्थकों के साथ थी वहीं दूसरी तरफ 100 के करीब खड्से समर्थक नजर आ रहे थे। राज्य के अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष आमिर साहेद ने कहा कि, ” खड्से एक इमानदार राजनेता हैं। वो हमेशा अल्पसंख्यकों को आगे लेकर चलते हैं। उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झुठे हैं।”