आप के सांसद भगवंत मान एक वीडियो के चलते इस बार बदनाम हो गए हैं। उन्हें लोकसभा स्पीकर ने समन किया और उन्हें खड़े होकर सफाई देनी पड़ी। अगस्त 2014 में भी उनका एक वीडियो काफी चर्चा में आया था। अंतर यह है कि तब उस वीडियो के चलते उनका नाम हुआ था और इस बार बदनामी हो रही है। जुलाई 2014 में उन्होंने मोदी सरकार की बड़े निराले अंदाज में खिंचाई की थी और कविता के माध्यम से निशाना साधते हुए सवाल किया था कि अच्छे दिन कब आने वाले हैं। उन्होंने महंगाई के विरोध में भाजपा पर निशाना साधते हुए लोकसभा में जो भाषण दिया था, वह काफी चर्चित हुआ था। उनके इस भाषण का वीडियो लाखों की संख्या में देखे गए थे। मान मूल रूप से कॉमेडियन के तौर पर मशहूर हुए थे। वह पहली बार सांसद बने हैं और जुलाई 2014 में लोकसभा में दिए गए अपने भाषण के चलते वह बतौर सांसद भी मशहूर हो गए थे। उनके इस भाषण का वीडियो यहां देखिए:
अगस्त 2014 में मान ने सांसद के तौर पर दिल्ली के बजट का विरोध करते हुए कांग्रेस को भी दिलचस्प अंदाज में घेरा था। वह वीडियो यहां है:
लेकिन, इस बार भगवंत मान का अपमान हो गया। उन्होंने संसद के अंदर से फेसबुक पर लाइव वीडियो पोस्ट कर दिया। इस वजह से वह विवादों में आ गए। आरोप है कि उन्होंने संसद की सिक्युरिटी से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां वीडियो के जरिए लीक कर दीं। हालांकि, इस बारे में जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसमें कोई गलती नहीं है और वे फिर ऐसा ही करेंगे। इस पर मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि अगर दोबारा ऐसा किया तो उन्हें जेल भेजा जाएगा। मान को उनकी हरकत के लिए लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने तलब भी किया। मान के वीडियो में संसद परिसर में घुसने से लेकर अंदर सिक्युरिटी गार्ड्स की तैनाती और दूसरी जानकारियां सार्वजनिक हुई हैं। यह है वो वीडियो, जिसे मान ने फेसबुक पर लाइव किया