उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘मिशन शक्ति’ योजना लॉन्च की। इसके बावजूद प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ कई आपराधिक घटनाएं आने के बाद यूपी सरकार विरोधियों के निशाने पर है। मंगलवार को प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट के जरिए कहा था कि क्या मुख्यमंत्री यह बताएंगे कि मिशन शक्ति कितना सफल रहा। एक डिबेट शो में AAP के प्रवक्ता ने कहा है कि प्रदेश में अपराधी ‘मिशन रेप’ में लगे हुए हैं।
AAP प्रवक्ता वंशराज दुबे ने कहा, मिशन शक्ति योगी जी चला रहे हैं लेकिन अपराधी ‘मिशन रेप’ चला रही है। उन्होंने कहा, ‘आज बहुत बड़ी विफलता है। जो सरकार महिलाओं की सम्मान की बात करके सत्ता में आई थी, उत्तर प्रदेश में बहन बेटियों को सुक्षा देने के नाम पर आई थी वह सरकार फेल हो गई है।’ वंशराज ने कहा, ‘लखीमपुर में बीजेपी नेता है जो महिला पुलिस के साथ छेड़छाड़ करता है तो विधायक और सांसद उसे छुड़ाने सांसद पहुंच जाते हैं।’
आप प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के गृह नगर में ईंट भट्टे पर काम करने वाली बहनों के साथ बंदूक की नोक पर अपराध होता है। उन्होंने कहा, ‘फतेहपुर की घटना पर क्या कार्रवाई हुई। बुलंदशहर में एलएलबी की छात्रा को जान देनी पड़ी। पुलिस अपराधियों को क्लीन चिट दे देती है। यूपी में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। मुख्यमंत्री जी कानों में रुई डालकर बैठे हैं। आप अयोध्या में दीपोत्सव मना रहे हैं लेकिन जिन घरों का चिराग बुझ गया उनको आप क्या जवाब देंगे? मुझे लग रहा है कि उत्तर प्रदेश के चौराहों पर पोस्टर लगाकर राज्य की बहन बेटियों को चिढ़ाने का काम किया जा रहा है।’
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ‘मिशन शक्ति’ चला रहे हैं, और उत्तर प्रदेश में अपराधी ‘मिशन रेप’ । pic.twitter.com/C6m2yiFEcB
— Vanshraj Dubey (@VanshrajDubey) November 17, 2020
इससे पहले प्रियंका गाधी ने ट्वीट कर योगी सरकार पर वार किया था। उन्होंने लिखा था, ‘राज्य की महिलाओं के खिलाफ अपराधों की खबरें तो कह रही हैं कि उत्तर प्रदेश महिलाओँ के लिए एकदम असुरक्षित है। कई जगहों पर लड़कियों ने जान दे दी क्योंकि उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।’