दिल्ली चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी (आप) को झटका देते हुए पार्टी के संस्थापक सदस्य अश्विनी उपाध्याय ने आज भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्य रूप से चार ‘सी’ – ‘करप्शन, क्राइम, कास्टिज्म और कम्युनलिज्म’ (भ्रष्टाचार, अपराध, जातिवाद और साम्प्रदायिकता) के खिलाफ लड़ाई के लिए ही हम अपनी नौकरियों को छोड़कर आप में शामिल हुए थे। लेकिन पिछले एक साल में हमें यह महसूस हुआ कि इन बुराईयों को खत्म करने के बजाय हमने इन्हें अपनाया ही है। पार्टी अन्य क्षेत्रीय पार्टियों की तरह ही काम कर रही है।’’

उपाध्याय ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘‘मैं मोदी जी के काम करने के तरीके से प्रभावित हूं और यही कारण है कि मैं भाजपा में शामिल हुआ। मेरा विचार है कि देश में अगले 10 सालों में जरूर बदलाव आएगा।’’

भाजपा ने आप के सदस्य सुभाष तलवार, राजेश गुप्ता और सलील कुमार के भी पार्टी में शामिल होने का दावा किया। दिल्ली भाजपा प्रमुख सतीश उपाध्याय ने बताया, ‘‘इनके अलावा, वाल्मिकी समुदाय से आने वाले युवा कांग्रेस नेता दीपक कुमार भी पार्टी में शामिल हुए हैं।’’

वहीं गायक शंकर साहनी ने भी भाजपा में शामिल होने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह एक सीडी लेकर आने वाले जिसमें भाजपा के लिए गीत होंगे।