वित्तीय दिक्कतों का सामना कर रहे नगर निगमों को सहायता मुहैया कराने से दिल्ली सरकार की ओर से मना किए जाने पर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की टकराव की राजनीति से राष्ट्रीय राजधानी के लोगों का नुकसान होगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम वित्तीय रूप से बहुत हद तक दिल्ली सरकार पर निर्भर है। ऐसे में केजरीवाल सरकार मदद करने से कैसे मना कर सकती है।
आम आदमी पार्टी ने जो वादे किए थे उनमें से कई निगमों से संबंधित हैं। ऐसे में दिल्ली सरकार को उनकी मदद करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल टकराव की राजनीति कर रहे हैं।
इससे दिल्ली वालों का नुकसान होगा। जिस तरह वह हाथ खड़े कर रहे हैं, अगर निगमों ने भी हाथ खड़े कर लिए तो फिर दिल्ली में साफ-सफाई की स्थिति का क्या होगा। हर चीज को केंद्र पर टालने से काम नहीं चलेगा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर दिल्ली सरकार निगमों की मदद नहीं करती है तो उनकी पार्टी लोकतांत्रिक ढंग से इसका पुरजोर विरोध करेगी।
हाल ही में दिल्ली के तीनों नगर निगमों के मेयरों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी लेकिन केजरीवाल ने किसी तरह की मदद से इनकार कर दिया था। दिल्ली सरकार का कहना है कि राजस्व के लक्ष्य से वह करीब 4,000 करोड़ रुपए पीछे है। ऐसे में वह निगमों की मदद नहीं कर सकती है।