AAP Change Election Symbol: दिल्ली चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ चुकी है, आम आदमी पार्टी ने तो अभी से ही जन यात्राएं निकालना शुरू कर दिया है। खुद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार जनता से संपर्क साध रहे हैं। लेकिन इस बीच एक बात हर किसी के नोटिस में आई है, आम आदमी पार्टी की झाड़ू का रंग बदल चुका है। पहले आम आदमी पार्टी के चुनाव चिन्ह पर लगी झाड़ू का रंग सफेद हुआ करता था, उसे शांति का प्रतीक बताया जाता है।

लेकिन अब आम आदमी पार्टी ने उस झाड़ू का रंग सफेद से बदलकर काला कर दिया है। इसके पीछे लॉजिक दिया जा रहा है कि बुरी नजर से बचने के लिए झाड़ू के रंग को बदल दिया गया है। अभी तक पार्टी की तरफ से इसके बारे में कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन यह बदलाव कई दिनों पहले भी दिख चुका था। असल में जब तक आम आदमी पार्टी का दफ्तर  206, राउज एवेन्यू, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग था, उसकी झाड़ू का रंग सफेद ही हुआ करता था।

जब AAP ने अपना दफ्तर बदलकर बंगला नंबर 1, (कैनिंग लेन) पंडित रविशंकर शुक्ला लेन किया, झाड़ू का रंग भी सफेद से काला हो गया। अब पार्टी के नेता मानते हैं कि झाड़ू का रंग बदला है, लेकिन तेवर नहीं। आज भी पार्टी में झाड़ू का मतलब केजरीवाल है और केजरीवाल का मतलब झाड़ू है। यानी कि कितनी भी चीजें क्यों ना बदल जाएं, आम आदमी पार्टी के लिए सबसे बड़ा चेहरा अरविंद केजरीवाल ही रहने वाले हैं।

वैसे इस बार के दिल्ली चुनाव में कई दूसरे विवाद भी जगह बनाने जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगा दिया है कि बीजेपी साजिश के तहत उनके वोटरों को वोटर लिस्ट से निकाल रही है, यहां तक कहा गया है कि कई सीनियर अधिकारी इस काम में शामिल हैं। बीजेपी ने तो इसे हार का डर बता दिया है, लेकिन AAP लगातार आक्रमक है। इन आरोपों के बारे में विस्तार से जानने के लिए यहां क्लिक करें