आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बेरोजगारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “भारत में युवाओं की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है और इसका सीधा रिश्ता वोट चोरी से है। जब कोई सरकार जनता का विश्वास जीतकर सत्ता में आती है, तो उसका पहला कर्तव्य होता है युवाओं को रोजगार और अवसर देना। लेकिन BJP चुनाव ईमानदारी से नहीं जीतती, वो वोट चोरी और संस्थाओं को कैद कर के सत्ता में बने रहते हैं। इसीलिए बेरोजगारी 45 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है। इसीलिए नौकरियां घट रही हैं, भर्ती प्रक्रियाएं ध्वस्त हो गई हैं और युवाओं का भविष्य अंधेरे में धकेला जा रहा है। इसीलिए हर परीक्षा पेपर लीक और हर भर्ती भ्रष्टाचार की कहानियों से जुड़ी रहती है। देश का युवा मेहनत करता है, सपने देखता है और अपने भविष्य के लिए संघर्ष करता है। लेकिन मोदी जी सिर्फ अपनी PR, सेलिब्रिटीज़ से अपना गुणगान करवाने और अरबपतियों के मुनाफे में व्यस्त हैं। युवाओं की उम्मीदों को तोड़ना और उन्हें हताश करना इस सरकार की पहचान बन चुकी है। अब हालात बदल रहे हैं। भारत का युवा समझ चुका है कि असली लड़ाई सिर्फ नौकरियों की नहीं, बल्कि वोट चोरी के खिलाफ है। क्योंकि जब तक चुनाव चोरी होते रहेंगे, तब तक बेरोजगारी और भ्रष्टाचार भी बढ़ते रहेंगे। अब युवा न नौकरी की लूट सहेंगे, न वोट की चोरी। भारत को बेरोजगारी और वोट चोरी से।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज गुजरात में विभिन्न विकास और उद्घाटन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे शिक्षा विभाग के स्टार्टअप कॉन्क्लेव में शामिल होंगे। वह एएमसी की ट्रंकलाइन परियोजना की समीक्षा करेंगे और शहर के सीवेज व जल संबंधी मुद्दों की भी समीक्षा करेंगे। वहीं, दोपहर में वह कलोल नगर पालिका क्षेत्र में ज्योतेश्वर झील का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, भारत माता टाउन हॉल में कलोल के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास व उद्घाटन किया जाएगा। इसमें स्थानीय लोग और अधिकारी मौजूद रहेंगे।

आजम खान जेल से रिहा होंगे: सीतापुर जेल में लगभग दो साल तक बंद रहने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री आजम खान के मंगलवार को रिहा होंगे। सोमवार को जेल अधिकारियों को रामपुर की अदालत से उनके खिलाफ लंबित आखिरी मामले में रिहाई का आदेश मिल गया। सीतापुर जेल सुपरिटेंडेंट सुरेश कुमार सिंह ने कहा, “हमें अब सभी संबंधित मामलों में आजम खान की रिहाई के आदेश मिल गए हैं।” पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें

Live Updates

देश और दुनिया की तमाम बड़ी अपडेट्स के लिए बने रहिये जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…

12:39 (IST) 23 Sep 2025

युवराज सिंह ईडी के सामने पेश हुए

पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए ईडी के समक्ष पेश हुए।

12:30 (IST) 23 Sep 2025

सीतापुर जेल से रिहा हुए आजम खान

समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को उनके खिलाफ सभी मामलों में जमानत मिलने के बाद सीतापुर जेल से रिहा कर दिया गया।

12:18 (IST) 23 Sep 2025

सरकार ने आजम खान को झूठे मामलों में फंसाया था- शिवपाल यादव

सपा नेता आजम खान की आज सीतापुर जेल से रिहाई पर पार्टी विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा, “सरकार ने उन्हें झूठे मामलों में फंसाया था। लेकिन अदालत ने उन्हें राहत दे दी। इसलिए, हम अदालत के फैसले का स्वागत करते हैं। सपा उन्हें पूरी मदद दे रही है।” उनके बसपा में शामिल होने की अटकलों पर उन्होंने कहा, “ये सभी खबरें झूठी हैं। सपा उन्हें पूरी मदद दे रही है।”

11:47 (IST) 23 Sep 2025

गोवा विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी ने गणेश गांवकर को नामित किया

गोवा विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए 25 सितंबर को होने वाले चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपने विधायक गणेश गांवकर को नामित किया।

11:41 (IST) 23 Sep 2025

केवल हिंदू धर्म के अनुयायियों को ही गरबा में जाना चाहिए- मध्य प्रदेश के मंत्री

मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग कहते हैं, “गरबा विशुद्ध रूप से हिंदू परंपराओं और सनातन धर्म का एक धार्मिक अनुष्ठान है। केवल हिंदू धर्म के अनुयायियों को ही गरबा में जाना चाहिए। केवल हिंदुओं को ही गरबा में जाना चाहिए। यह कोई मनोरंजन कार्यक्रम नहीं है। यह देवी माँ की पूजा है। इसलिए, यह आवश्यक है कि वहां जाने वाले लोग अपनी पहचान बताएं। जो लोग हिंदू धर्म को नहीं मानते, वे वहां क्यों जाते हैं? यह कोई मनोरंजन कार्यक्रम नहीं है।”

11:27 (IST) 23 Sep 2025

अगर आप चाहें तो मैं गड्ढे दिखा दूंगा- डीके शिवकुमार

“गड्ढे हर जगह हैं, दिल्ली में पीएम के घर के बाहर भी” पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, “हां, आप देख सकते हैं कि हर जगह गड्ढे हैं…मीडिया आपको नहीं दिखा रहा है। अगर आप चाहें तो मैं गड्ढे दिखा दूंगा।”

11:19 (IST) 23 Sep 2025

आजम खान को गलत तरीके से निशाना बनाया गया- सपा सांसद रुचि वीरा

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान आज जेल से बाहर आ रहे हैं। समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने कहा, “आजम साहब को गलत तरीके से निशाना बनाया गया। आज उनके सभी समर्थक उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हम इस दिन को न्याय की जीत के रूप में मनाएंगे।”

11:13 (IST) 23 Sep 2025

टोंक-सवाई माधोपुर रोड पर पलटी बस

टोंक में टोंक-सवाई माधोपुर रोड पर तारण गांव के पास बस पलट गई।

10:58 (IST) 23 Sep 2025

दिल्ली में लाउडस्पीकर की समय सीमा बढ़ाए जाने पर क्या बोलीं सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली में लाउडस्पीकरों की समय सीमा बढ़ाए जाने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “मैंने हमेशा देखा है कि हमारे हिंदू त्योहारों में दिक्कतें आती हैं, क्योंकि रामलीला या दुर्गा पूजा कभी भी रात 10 बजे खत्म नहीं हो सकती। जब गुजरात में पूरी रात डांडिया चल सकता है, जब दूसरे राज्यों में पूरी रात कार्यक्रम हो सकते हैं, तो दिल्ली के लोगों के लिए ऐसा क्यों नहीं हो सकता? इसलिए इस बार हमने सभी रामलीलाओं, दुर्गा पूजा और सांस्कृतिक-धार्मिक उत्सवों को रात 12 बजे तक जारी रखने की अनुमति दी है।”

10:51 (IST) 23 Sep 2025

हमारी विरासत का अपमान कर रही कांग्रेस

बिहार में सीडब्ल्यूसी की बैठक पर जेडीयू नेता नीरज कुमार ने कहा, “बिहार के पूज्य पूर्वजों द्वारा निर्मित सदाकत आश्रम में सीडब्ल्यूसी की बैठक आयोजित करके वे हमारी विरासत का अपमान कर रहे हैं।”

10:41 (IST) 23 Sep 2025

हम इसे दूसरा स्वतंत्रता संग्राम कह सकते हैं- उदित राज

बिहार में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, “राहुल गांधी के नेतृत्व में दूसरे स्वतंत्रता संग्राम की नींव रखी जाएगी। वोटर अधिकार यात्रा वोट चोरी के खिलाफ शुरू की गई है क्योंकि चुनाव जीतने के लिए हेराफेरी करना लोकतंत्र के अर्थ को नष्ट करने के समान है। लोकतंत्र को पुनर्जीवित करने के लिए, अगर बिहार से एक नई शुरुआत की जाती है, तो हम इसे दूसरा स्वतंत्रता संग्राम कह सकते हैं।”

10:32 (IST) 23 Sep 2025

बिहार के लोग खुश हैं कि अब हर चीज सस्ती हो गई- शाहनवाज हुसैन

सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, “अब चीजें सस्ती होंगी। बिहार के लोग खुश हैं कि अब हर चीज सस्ती हो गई है। नवरात्रि पर पीएम मोदी का यह एक बड़ा तोहफा है, लेकिन कांग्रेस पार्टी के बयान घटिया हैं।”

10:27 (IST) 23 Sep 2025

कांग्रेस के पास उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं- योगेंद्र चंदोलिया

बीजेपी सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा, “कांग्रेस के पास उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में 30% कर लगता था। एक तरफ वे कहते हैं कि वे जीएसटी लागू करने वाले हैं। प्रधानमंत्री ने कई स्लैब हटा दिए हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि अर्थव्यवस्था कमजोर हो जाएगी। पहले 2.5 लाख रुपये पर आयकर रिटर्न दाखिल होता था, और आज 12 लाख रुपये की आय पर कोई रिटर्न नहीं है।”

10:11 (IST) 23 Sep 2025

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान मे लिया हिस्सा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रिंग रोड पर स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए दीवारों पर लगे पोस्टर हटाती हुईं।

09:56 (IST) 23 Sep 2025

पहली बार कांग्रेस को बिहार की याद आई- मलूक नागर

बिहार में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक पर रालोद नेता मलूक नागर ने कहा, “1940 के दशक के बाद पहली बार कांग्रेस को बिहार की याद आई है। यहां पिछली कार्यसमिति बैठक आजादी से पहले हुई थी। इससे साफ जाहिर होता है कि कहीं न कहीं वे अति-आत्मविश्वास में हैं और उन्हें लगता है कि वे बिहार में सरकार बनाने लायक सीटें जीत लेंगे।”

09:34 (IST) 23 Sep 2025

कुट्टु का आटा खाने के बाद लोगों ने की बैचेनी की शिकायत

23 सितंबर को सुबह 6.10 बजे जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि बड़ी संख्या में लोग कुट्टू का आटा खाने के बाद बेचैनी की शिकायत कर रहे हैं। बीजेआरएम अस्पताल में पूछताछ करने पर चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. विशेष यादव ने बताया कि जहांगीरपुरी, महेंद्र पार्क, समयपुर, भलस्वा डेयरी, लाल बाग और स्वरूप नगर जैसे इलाकों से लगभग 150-200 लोग उल्टी की शिकायत लेकर आपातकालीन वार्ड में आए थे।

09:21 (IST) 23 Sep 2025

कनाडा फिलिस्तीन को मान्यता देता है- मार्क कार्नी

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने संयुक्त राष्ट्र की बैठक में कहा, “कनाडा फिलिस्तीन को मान्यता देता है और हम फिलिस्तीन और इजरायल, दोनों के लिए शांतिपूर्ण भविष्य के निर्माण में अपनी पूर्ण भागीदारी की पेशकश करते हैं।”

09:17 (IST) 23 Sep 2025

एक निर्माणाधीन मकान की छत गिरी

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से दो भाइयों समेत तीन मजदूरों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

09:02 (IST) 23 Sep 2025

8 साल तक गलत जीएसटी लगाकर देश को लूटा गया- भूपेश बघेल

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, “8 साल तक गलत जीएसटी लगाकर देश को लूटा गया। कारोबार खत्म कर दिए गए और आम लोगों की आय सीमित कर दी गई। ये लोग पहले भी यही कहते रहे थे कि इससे (जीएसटी) महंगाई पर काबू पा लिया जाएगा। आज 8 साल बाद भी ये लोग वही भाषा दोहरा रहे हैं।”

08:55 (IST) 23 Sep 2025

आशीष सूद राजधानी कॉलेज में स्वच्छता अभियान में शामिल हुए

दिल्ली के मंत्री आशीष सूद राजधानी कॉलेज में स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के सेवा पखवाड़ा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में, हम स्वच्छता के माध्यम से दिल्ली को बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप सेवा पखवाड़ा मनाने का संकल्प लेते हैं ताकि दिल्ली के लोगों को एक स्वच्छ और उज्जवल राजधानी प्रदान की जा सके।”

08:42 (IST) 23 Sep 2025

कूड़ा-कचरा फैलाना बंद करना चाहिए- सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र शालीमार बाग में स्वच्छता अभियान में भाग लिया। वह कहती हैं, “स्वच्छता अभियान एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत प्रतिबद्धता है। हमें अपने देश पर गर्व होना चाहिए और कूड़ा-कचरा फैलाना बंद करना चाहिए, क्योंकि ये गतिविधियाँ, गंदगी फैलाने के साथ-साथ, हमारे शहर की सुंदरता को धूमिल कर रही हैं। स्वच्छ दिल्ली के अपने लक्ष्य में हम गंदगी को बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

08:42 (IST) 23 Sep 2025

हमने दीवारों से पोस्टर काफी हद तक हटा दिए हैं- दिल्ली के मंत्री रविंदर इंद्राज

दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह ने शालीमार बाग में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, “मैं दिल्ली के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे स्वच्छ दिल्ली बनाकर एक विकसित दिल्ली बनाने में हमारा साथ दें। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में, स्वच्छता अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया है कि यह हमारी दिल्ली है, यहां के लोगों की धड़कन है। हमने दीवारों से पोस्टर काफी हद तक हटा दिए हैं।”

08:41 (IST) 23 Sep 2025

रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि- सीएम योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “वह प्रदीप जो दीख रहा है झिलमिल, दूर नहीं है, थककर बैठ गये क्या भाई! मंजिल दूर नहीं है। महान साहित्यकार, संस्कृति के सजग प्रहरी और राष्ट्र की आत्मा के प्रखर उद्घोषक, ‘पद्म भूषण’ ‘राष्ट्रकवि’ रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उनकी कालजयी रचनाओं में क्रांति का स्वर, किसान की पीड़ा और रणभूमि का शौर्य गूंजता है। ‘दिनकर’ जी की अमर रचनाएं हर पीढ़ी को देशभक्ति, साहस और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेंगी।”