बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग के बाद अब एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए हैं। Matrize, Peoples Pulse सहित तमाम सर्वे एजेंसियों ने बिहार चुनाव के लिए वोटिंग के बाद अपना अनुमान जारी किया है। बिहार में विधानसभा की 243 सीटों पर दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को वोटिंग हुई थी। चुनाव नतीजे तो 14 नवंबर को आएंगे लेकिन उससे पहले आ रहे ज्यादातर एग्जिट पोल्स का अनुमान है कि राज्य में एक बार फिर एनडीए गठबंधन को बहुमत मिल सकता है। हालांकि, अभी लोगों को नतीजों का इंतजार करना चाहिए, क्योंकि ये अनुमान है, सटीक नतीजों इलेक्शन कमीशन द्वारा वोटों की गिनती के बाद आएंगे।
| S.R. | Agency | NDA | MGP | JSP | OTH |
| 1 | मैटराइज | 147-167 | 70-90 | 0-2 | 0-5 |
| 2 | पीपल्स पल्स | 133-159 | 75-101 | 0-5 | 0-8 |
20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण का मतदान जारी है। आज का मतदान बिहार चुनाव 2025 के बेहद अहम चरण का समापन होगा। चुनाव आयोग के अनुसार, आज 1.74 करोड़ महिलाओं सहित 3.7 करोड़ मतदाता मतदान के पात्र हैं। मतदान 45,399 मतदान केंद्रों पर हो रहा है। आज जिन 122 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 2020 के विधानसभा चुनावों में महागठबंधन ने 49 सीटें जीती थीं, जबकि एनडीए ने 66 सीटें जीती थीं। असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली AIMIM ने 2020 में पांच सीटें जीती थीं, जबकि बहुजन समाज पार्टी (BSP) और एक निर्दलीय ने एक-एक सीट जीती थी।
देश और दुनिया से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए जुड़े रहिये जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…
आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता- गिरिराज सिंह
हरियाणा के फरीदाबाद से 350 किलो आरडीएक्स और एक एके-47 राइफल बरामद होने पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “मैं सरकार का शुक्रिया अदा करता हूं क्योंकि विस्फोटक समय पर बरामद कर लिए गए। अगर ये कांग्रेस के राज में होता, तो दिल्ली और हरियाणा मुंबई धमाकों की तरह दहल जाते। दुख की बात है कि जो पकड़े जाते हैं, वो कहते हैं कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता। लेकिन ये धार्मिक आतंकवाद है। तेजस्वी हों, ओवैसी हों, राहुल हों या कोई और, वोट बैंक की राजनीति के लिए इनका बचाव करते हैं आगे और जानकारी सामने आएगी, तब पता चलेगा कि ये कितना खतरनाक था। खुद को सेक्युलर कहने वाले ऐसे लोगों के पीछे खड़े हैं।”
एनडीए के सभी दलों के बीच पूर्ण एकता, समझ और विश्वास है- धर्मेंद्र प्रधान
सीएम नीतीश कुमार पर केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कहा, “जहां तक नीतीश कुमार के स्वास्थ्य का सवाल है, वह हर दिन 250 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं। पिछले दो महीनों से मैं उनके लगातार संपर्क में हूं। मैं उन्हें पिछले 20-25 सालों से जानता हूं और मुझे कोई अंतर नहीं दिखता। हम किसी की उम्र के आधार पर उसके स्वास्थ्य का आकलन कैसे कर सकते हैं। एनडीए के सभी दलों के बीच पूर्ण एकता, समझ और विश्वास है।”
जब हर घर को रोजगार मिलेगा, तभी बिहार से पलायन रुकेगा- उदित राज
बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान आरक्षण पर राजनीति पर , कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, “बीजेपी ने बिहार में किए गए जातिगत सर्वेक्षण और नीतीश कुमार द्वारा आरक्षण सीमा को 65% तक बढ़ाने का विरोध किया। राहुल गांधी सही कह रहे हैं कि नीतीश कुमार ने बिहार को बर्बाद कर दिया और बीजेपी उनकी सहयोगी है। पीएम मोदी बिहार के सांसदों के समर्थन से प्रधानमंत्री बने। सभी उद्योग गुजरात में स्थित हैं। मैं लोगों से तेजस्वी को वोट देने की अपील करता हूं। जब हर घर को रोजगार मिलेगा, तभी बिहार से पलायन रुकेगा।”
कट्टा हमेशा से आतंक का प्रतीक रहा – शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार में चुनावी रैलियों के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणियों पर कहा, “राजद सरकार अपराध, कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के लिए जानी जाती थी। लोग उन दिनों को नहीं भूले हैं। कट्टा हमेशा से आतंक का प्रतीक रहा है और प्रधानमंत्री मोदी ने इस सच्चाई को सही ढंग से उजागर किया है।”
युवा और महिलाएं एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी हैं- राजीव रंजन
दूसरे चरण के मतदान से पहले जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, “रिकॉर्ड तोड़ मतदान होने की पूरी संभावना है। सत्ता समर्थक लहर है। हम इसे ‘नीतीश लहर’ कह सकते हैं। हर जगह एनडीए का जादू है। मतदाताओं ने एनडीए को आशीर्वाद दिया है, जो सरकार बनाएगी। महिलाएं बहुत उत्साहित हैं। नीतीश कुमार ने उनके जीवन में बड़े बदलाव लाने के लिए एक रोडमैप सुनिश्चित किया था। पिछले 20 वर्षों में, हर कार्यकाल में, महिलाओं को सशक्त बनाने की घोषणाएं की गईं और उन घोषणाओं को वास्तविकता में बदल दिया गया। इसलिए, युवा और महिलाएं एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी हैं।”
भाजपा बेंगलुरु में मुख्यमंत्री के सरकारी आवास का घेराव करेगी
सेंट्रल जेल के वायरल वीडियो को लेकर भाजपा बेंगलुरु में मुख्यमंत्री के सरकारी आवास का घेराव और विरोध प्रदर्शन करेगी। वीडियो में कथित तौर पर कैदियों को फोन, पार्टियां, टीवी और वीवीआईपी सुविधाएं दी जा रही हैं।
पटना में 25 से 30 फिर से नीतीश लिखा एक होर्डिंग सामने आया
बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे फेज की वोटिंग से पहले पटना में 25 से 30 फिर से नीतीश लिखा एक होर्डिंग सामने आया है।
कल अहमदाबाद में एक इन्वेस्टर्स कनेक्ट का आयोजन किया जा रहा- विष्णु देव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “यह हमारे देश के पहले उप-प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती है। इसे गुजरात के केवड़िया में ‘भारत पर्व’ के रूप में मनाया जा रहा है, जहां उनकी प्रतिमा स्थित है। यह 1 से 15 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मैं इसका हिस्सा बनने के लिए वहां जा रहा हूं। छत्तीसगढ़ का मंडप भी वहां स्थापित किया गया है। छत्तीसगढ़ का सांस्कृतिक कार्यक्रम वहां आयोजित किया जाएगा। हमारी ढोकरा कला, कपड़े और अन्य चीजें भी वहां प्रदर्शित की जा रही हैं। कल अहमदाबाद में एक इन्वेस्टर्स कनेक्ट का आयोजन किया जा रहा है। हम अपने राज्य की नई निवेश नीति को निवेशकों के सामने पेश करेंगे और उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे।”
टाटा ग्रुप को बंगाल में वापस निवेश के लिए लाएगी बीजेपी- शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि अगर भाजपा 2026 का विधानसभा चुनाव जीतती है तो वह राज्य में निवेश के लिए टाटा ग्रुप को वापस लाएगी।
14 नवंबर को एनडीए दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने जा रही – गुरु प्रकाश पासवान
दूसरे चरण के मतदान से पहले बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा, “कल सीमांचल समेत 122 सीटों पर मतदान होने जा रहा है। सुबह ही दिन का हाल बता देती है। हमें पूरा विश्वास है कि जैसे पहले चरण में बंपर वोटिंग हुई थी, वैसे ही कल के मतदान में भी हमें बंपर समर्थन मिलेगा। 14 नवंबर को एनडीए दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।”
पहले फेज के बाद एनडीए खेमे में भारी गमगीन माहौल- तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, पहले फेज के बाद एनडीए खेमे में भारी गमगीन माहौल है। हार के खौफ से गृहमंत्री अधिकारियों से मिलकर एवं फोन पर धमकी दे रहे है। जहां ठहरते है उस होटल के सीसीटीवी बंद करा देर रात्रि अधिकारियों को बुलाते है। अभी सीएम आवास से बिना मुख्यमंत्री की जानकारी के भूंजा पार्टी की मित्र मंडली के ईडी के चंगुल में फंसे महाभ्रष्ट अधिकारी फोन कर अधिकारियों को महागठबंधन के कार्यकर्ताओं को पुलिस के द्वारा वोटिंग के दिन तक डिटेन करने, महागठबंधन समर्थित मजबूत बूथों को डिस्टर्ब करने संबंधित निर्देश दिए जा रहे है। संबंधित रेंज के अधिकारी बैठक कर रहे है।
अपराध की घटनाएं गांवों में फैल रही हैं- दिलीप घोष
भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा, “महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अत्याचार और अपराध की घटनाएं गांवों में फैल रही हैं, फिर भी पुलिस या राज्य सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। बंगाल में बलात्कार, हत्या और कानून-व्यवस्था के मौजूदा मुद्दों पर कोई उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंगोला के राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया
अंगोला में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “मुझे यहां आकर बहुत खुशी हो रही है। मुझे आमंत्रित करने के लिए मैं अंगोला के राष्ट्रपति का धन्यवाद करती हूं। यह वर्ष भारत-अंगोला संबंधों के लिए महत्वपूर्ण रहा है। भारत और अंगोला के बीच साझेदारी आपसी विश्वास, सम्मान और हमारे लोगों की समृद्धि के लिए एक साझा दृष्टिकोण पर आधारित है। हम अपने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और क्षेत्रीय व वैश्विक मामलों पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।”
प्रधानमंत्री ने बिहार को फिर से बेहतर बनाने का फैसला किया- संजय निषाद
बिहार विधानसभा चुनाव पर उत्तर प्रदेश के मंत्री संजय निषाद ने कहा, “बिहार में खुशहाली लाने और एनडीए सरकार को सत्ता में लाने के लिए, लोगों को अपने वोट के जरिए अपनी समस्याओं का समाधान करना होगा। विकास तभी होता है जब केंद्र और राज्य सरकारें एक जैसी हों। लोग ‘बिहारी’ शब्द को अपमानजनक मानते थे। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री ने बिहार को फिर से बेहतर बनाने का फैसला किया। जैसे उत्तर प्रदेश ‘उत्तम प्रदेश’ बना, वैसे ही पीएम मोदी ने सोचा कि बिहार भी ‘उत्तम प्रदेश’ बने।”
