दिल्ली में यमुना नदी का पानी आस-पास के इलाकों में रहने वालों के लिए मुसीबत खड़ी कर रहा है। बाढ़ का पानी दिल्ली सचिवालय के पास पहुंच गया है। यमुना नदी के आसपास के निचले इलाकों में रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है।

बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को लेकर एनडीए द्वारा पांच घंटे के बिहार बंद का आह्वान किया गया। इस दौरान कई जगहों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

लगातार बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण जम्मू-राजौरी राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है।

जीएसटी परिषद ने बुधवार को आम सहमति से GST में व्यापक सुधारों को मंजूरी दे दी। जीएसटी में 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत के दो टैक्स स्लैब को मंजूरी दी गयी है। नये टैक्स स्लैब 22 सितंबर से लागू होंगी। बीजेपी और उसके तमाम सहयोगी दलों ने इस कदम की सराहना की है।

पुलिस के द्वारा एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर किए गए लाठीचार्ज का मामला तूल पकड़ गया है। उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर एबीवीपी के कार्यकर्ता जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

Live Updates

देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए जुड़े रहिये जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…

09:59 (IST) 3 Sep 2025

दिल्ली के लोगों को घबराने की जरूरत नहीं – प्रवेश वर्मा

दिल्ली के मंत्री प्रवेश ने कहा कि दिल्ली के लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है। स्थिति नियंत्रण में है। पिछले छह महीनों से, मुख्यमंत्री, सभी मंत्री और विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। यमुना के किनारे झुग्गियों में रहने वालों को आश्रय और भोजन के साथ स्कूलों में स्थानांतरित कर दिया गया है।

09:50 (IST) 3 Sep 2025

किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जाए- राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “मोदी जी, पंजाब में बाढ़ ने भयंकर तबाही मचाई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भी स्थिति बेहद चिंताजनक है। ऐसे मुश्किल समय में आपका ध्यान और केंद्र सरकार की सक्रिय मदद अत्यंत आवश्यक है। हज़ारों परिवार अपने घर, जीवन और अपनों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मैं आग्रह करता हूं कि इन राज्यों के लिए, खासतौर पर किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज (Special Relief Package) की तत्काल घोषणा की जाए – और राहत एवं बचाव कार्यों को तेज़ किया जाए।

09:49 (IST) 3 Sep 2025

रालोद के विधायक और सांसद एक महीने का वेतन बाढ़ राहत के लिए देंगे- जयंत चौधरी

राष्ट्रीय लोकदल ने निर्णय लिया है कि हमारे सांसद, विधायक एक महीने का वेतन बाढ़ राहत के लिए देंगें। पूरा देश बाढ़ पीड़ितों के लिए जुट रहा है और उनके साथ खड़ा है!

09:47 (IST) 3 Sep 2025

संसद में अभद्र भाषा का प्रयोग करना सही नहीं- आरिफ मोहम्मद खान

बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि संसद में अभद्र, असंसदीय भाषा का प्रयोग करना और इस तरह के नारे लगाना उचित नहीं है। ऐसा करके हमें विचार करना होगा कि क्या हम लोकतंत्र की गरिमा को कमजोर और खंडित करना चाहते हैं।