आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने सोमवार सुबह अहमदाबाद में साबरमती आश्रम पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिसके बाद दोनों नेता साबरमती रिवरफ्रंट पहुंचे, जहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव का उद्घाटन किया। इसके बाद गांधीनगर में स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर में द्विपक्षीय कार्यक्रम होंगे, जहां दोनों नेता भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि शाम को मोदी महात्मा मंदिर में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच होने वाली वार्ता में शामिल होंगे, जिसके बाद संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी किया जाएगा।
पीएम मोदी और फ्रेडरिक मर्ज की मुलाकात के दौरान भारत और जर्मनी के बीच सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा-सुरक्षा सहयोग और कौशल विकास से जुड़े कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। मई में पद संभालने के बाद यह चांसलर मर्ज की भारत की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। उनके साथ 25 बड़े उद्योगपतियों और सीईओ का एक प्रतिनिधिमंडल भी आया है। वहीं, पृथ्वी अवलोकन उपग्रह (Earth Observation Satellite) के साथ 14 अन्य उपग्रहों को लेकर इसरो का पीएसएलवी रॉकेट श्रीहरिकोटा से रवाना हो गया है। इस साल का पहला प्रक्षेपण करते हुए, यह मिशन इसरो की कमर्शियल ब्रांच न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड के साथ किए गए करार का हिस्सा है। जम्मू-कश्मीर में रविवार शाम पाकिस्तान की तरफ से आए कई संदिग्ध ड्रोन अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (LoC) के पास देखे गए। सांबा, राजौरी और पुंछ जिलों में ड्रोन मूवमेंट की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: वाराणसी में ध्वस्तीकरण अभियान
उत्तर प्रदेश: वाराणसी के दालमंडी इलाके में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान घटनास्थल पर भारी सुरक्षा तैनात की गई।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: प्रियंका गांधी का जन्मदिन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्मदिन सोमवार को अमेठी स्थित कांग्रेस कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने केक काटकर एक-दूसरे को खिलाया और प्रियंका की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
भारत- अमेरिका सुलझा लेंगे मसले – सर्जियो गोर
सर्जियो गोर ने कहा, “…मैं राष्ट्रपति ट्रंप के साथ पूरी दुनिया में घूमा हूं, और मैं इस बात की गारंटी दे सकता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी दोस्ती सच्ची है। अमेरिका और भारत सिर्फ साझा हितों से ही नहीं, बल्कि सबसे ऊंचे लेवल पर बने रिश्ते से भी जुड़े हुए हैं। सच्चे दोस्त असहमत हो सकते हैं, लेकिन आखिर में वे हमेशा अपने मतभेद सुलझा लेते हैं…”
क्या पैक्ससिलिका में शामिल होगा भारत?
भारत में अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि अगले महीने भारत को पैक्ससिलिका में पूर्ण सदस्य के तौर पर शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
एअर इंडिया की उड़ान की इमरजेंसी लैंडिंग
दिल्ली से विजयवाड़ा जा रही एअर इंडिया की एक उड़ान को चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति के कारण सोमवार सुबह जयपुर में उतारा गया। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। सूत्र ने बताया कि उड़ान संख्या ‘एआई2517’ में सवार एक बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद विमान का मार्ग बदल कर उसे जयपुर भेजा गया जहां शख्स को विमान से उतार कर अस्पताल ले जाया गया।
ट्रंप का दावा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष सुलझाने का दावा एक बार फिर दोहराते हुए कहा कि उन्होंने आठ युद्ध समाप्त कराए लेकिन फिर भी उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिला।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: दिल्ली का एक्यूआई
दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी रही। दिल्ली के करीब 20 निगरानी स्टेशनों में वायु गुणवत्ता बहुत खराब दर्ज की गई जबकि शेष स्टेशनों में यह खराब रही। दिल्ली का समग्र एक्यूआई 298 दर्ज किया गया जो खराब श्रेणी में है।
कोलकाता के बाघाजतिन स्टेशन पर आग
दक्षिण कोलकाता के बाघाजतिन स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर सोमवार सुबह एक स्टॉल में आग लगने से लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। अधिकारियों ने बताया कि घटना सुबह करीब 6 बजे हुई और आग तेजी से फैल गई, जिससे धुआं भर गया। उन्होंने बताया कि तीन दमकल गाड़ियों ने करीब 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों ने बताया कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद पूर्वी रेलवे के सियालदह दक्षिण खंड पर ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही करीब 30 मिनट तक बाधित रही। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है और जांच शुरू कर दी गई है।
मोदी और मर्ज़ ने पतंग उड़ाई
साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने भगवान हनुमान की आकृति वाली पतंग उड़ाई।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: इसरो का रॉकेट तीसरे चरण में रास्ते से भटका
इसरो का रॉकेट तीसरे चरण में रास्ते से भटका। ISRO ने बताया कि थोड़ी देर पहले श्रीहरिकोटा से लॉन्च हुआ PSLV-C60 रॉकेट रास्ते से भटक गया है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: दिल्ली का मौसम
दिल्ली में सोमवार को कड़ाके की ठंड महसूस की गई और शहर के कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान लुढ़ककर करीब तीन डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सुबह 8:30 बजे दर्ज स्टेशन-वार आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम था। पालम में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस जबकि लोधी रोड स्टेशन में तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। विभाग ने बताया कि अगले दो दिन तक राजधानी में शीत लहर की स्थिति बने रहने का अनुमान है।
