उत्तर भारत के हिमालयी क्षेत्र के कई हिस्से रविवार को हुई बर्फबारी के कारण बर्फ की मोटी परत से ढंक गए, जबकि मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार रात दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने का अनुमान लगाया है, वहीं सुबह हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने का अनुमान है। सोमवार को अधिकतम 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड होने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने 26 जनवरी से ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी होने का अनुमान व्यक्त किया है और पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ-साथ तेज हवाओं की आशंका जताई गई है।

पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप

राजस्थान के कई हिस्सों में रविवार को भीषण ठंड का दौर जारी रहा, जहां नागौर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे कम था। मौसम विभाग ने बताया कि 26 और 27 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है जिसके प्रभाव से 26 जनवरी को दोपहर बाद पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। रविवार को पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी रहा। पंजाब में फिरोजपुर में सबसे कम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 27 जनवरी से दोनों राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है।

पढ़ें- हिमालय में बर्फबारी की देरी ने डराया

जम्मू कश्मीर में बर्फबारी

जम्मू कश्मीर में कई स्थानों पर हल्की बर्फबारी होती रही। हालांकि मौसम की स्थिति में मामूली सुधार हुआ, जिससे दो दिनों के बाद श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात आंशिक रूप से बहाल हो सका। कश्मीर घाटी में रात का तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से काफी नीचे रहा। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। घाटी इस समय 40 दिनों की कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में छिटपुट बर्फबारी के बाद ठंड का प्रकोप जारी रहा जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति जिले के तबो गांव में शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

दिल्ली में वायु प्रदूषण में सुधार

दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति में सुधार आया है। शुक्रवार की बारिश और लगातार दो दिन तेज हवाओं के चलते राजधानी की हवा अब साफ हुई है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार शाम चार बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 153 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। हालांकि, रात 9 बजे तक कुछ निगरानी केंद्रों में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शनिवार को पहली बार ढाई महीने से अधिक समय बाद एक्यूआई मध्यम श्रेणी में पहुंचा। आनंद विहार (225) और चांदनी चौक (204) के एक्यूआई अभी भी खराब श्रेणी में हैं।

पढ़ें- 8 राज्यों में बारिश-तूफान की चेतावनी

(भाषा और जनसत्ता के इनपुट के साथ)