मुंबई को पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से राहत मिलेगी। इस हफ़्ते हल्की से मध्यम बारिश की ही संभावना है और आने वाले दिनों में शहर में बारिश कम होने की उम्मीद है। हालांकि, इस साल हो रही बारिश को देखते हुए मुंबई में मानसून की वापसी में देरी होने की संभावना है।

मुंबई में मानसून की वापसी की आधिकारिक तिथि 8 अक्टूबर है। हालांकि, इस वर्ष मानसून की वापसी में देरी होने की संभावना है क्योंकि मौसम विज्ञानियों ने बंगाल की खाड़ी में एक नए निम्न दबाव प्रणाली की ओर इशारा किया है, जिसके कारण कम से कम अगले सप्ताह तक इस क्षेत्र में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। आईएमडी ने अक्टूबर महीने में महाराष्ट्र में सामान्य से अधिक बारिश होने का भी अनुमान लगाया है।

लंबे समय तक बारिश की संभावना के बीच, आईएमडी ने अक्टूबर महीने में महाराष्ट्र में सामान्य से अधिक वर्षा होने का भी अनुमान लगाया है। शहर में सितंबर में कुल बारिश औसत से लगभग दोगुनी हुई। आईएमडी के अनुसार, अगले 3-4 दिनों तक बारिश की गतिविधि कम रहने की संभावना है और कम से कम सोमवार तक इस क्षेत्र में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से निजात दिला दी है। शुक्रवार को भी दिल्ली एनसीआर कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग का कहना है कि 7 अक्टूबर तक बारिश का यही सिलसिला देखने को मिल सकता है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी आज शाम तक बारिश की संभावना है। 4 अक्तूबर को पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है।

ओडिशा में भारी बारिश

ओडिशा में गुरुवार को भारी वर्षा हुई और विभिन्न जिलों में भूस्खलन हुआ जिसमें दो लोग घायल हो गये। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण गजपति, रायगढ़ और कोरापुट जिलों में भूस्खलन हुआ जबकि गंजाम में कुछ पेड़ गिर गए। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील जिलों में आपदा प्रबंधन दल तैनात कर दिया है तथा मछुआरों को तीन अक्टूबर तक ओडिशा तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सात जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 16 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और सात जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इन राज्यों में भी हो सकती है बारिश

आईएमडी के अनुसार, 4 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में हल्की से मध्य बारिश की संभावना है। वहीं, पंजाब के भी कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। हरियाणा, पश्चिमी यूपी में भी 5 से 7 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा के अधिकांश हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है। असम और मेघालय में भी आज बारिश की प्रबल संभावना है।

पढ़ें- किसानों के लिए बड़ी खबर, रबी सीजन 2026-27 के लिए सरकार ने घोषित की MSP