बंगलुरु में 20 से 24 फरवरी तक चलने वाले वायु सेना के एरो इंडिया शो में शामिल होने के लिए तीन रफाल विमानों को भारत लाया गया है। वायुसेना के उप प्रमुख एअर मार्शल विवेक चौधरी व अन्य अधिकारी इन विमानों को उड़ाएंगे। इस प्रदर्शनी का आयोजन वायुसेना के ये लाहंका हवाई अड्डे पर किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में भारतीय वायुसेना, हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड के अलावा फ्रांस और अमेरिका के युद्धक एवं वाणिज्यिक वायुयान भी शामिल किए जाएंगे। इस मौके पर रफाल बनाने वाली फ्रांसीसी कंपनी दसॉल्ट एविएशन अपने वाणिज्यिक जेट फॉल्कन 2000 का भी प्रदर्शन करेगी। इनके अलावा ए330-900, एअरबस सी295, एच145 हेलिकॉप्टर और एअरबस एच135 जैसे फ्रांसीसी वायुयान भी शो में नजर आएंगे। पांच दिनों तक चलने वाले एअर शो में 49 कंपनियां अपने विमानों का प्रदर्शन करेंगी। इनमें सबसे ज्यादा वायुयान फ्रांस से होंगे। यहां कुल 57 विमान प्रदर्शनी में रखे जाएंगे।

इस प्रदर्शनी में भारतीय वायुसेना के सूर्य किरण और सारंग विमानों के अलावा ब्रिटेन की याकोल्व्स टीम भी एरोबेटिक प्रदर्शन करेगी। यहां भारत के 44, फ्रांस के 6, यूक्रेन का 1 और यूएस के 6 विमान शामिल होंगे। भारतीय वायुसेना के प्रवक्ता के मुताबिक, तीन रफाल विमान भारत पहुंच गए हैं। दो विमानों ने गुरुवार से प्रैक्टिस शुरू कर दी है, जो रविवार तक चलेगी। 18-19 को कारोबारियों के लिए प्रदर्शनी खोली जाएगी। आम लोगों के लिए 20 से 24 फरवरी तक यह आयोजन होगा। इस प्रदर्शनी में अमेरिका की बोइंग, लॉकहीड मॉर्टिन, रूसी मिग और स्वीडिश साब के अलावा कई बड़ी कंपनियां शामिल हो रही हैं।