दिल्ली के राजौरी गार्डन में मंगलवार सुबह एक सरकारी अस्पताल की मडिला डॉक्टर पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने तेजाब फेंक दिया। इससे महिला डॉक्टर करीब 30 फीसद झुलस गई। उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले की रंजिश और प्रेम प्रसंग के नजरिए से भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस के मुताबिक यह घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। राजौरी गार्डन के मेन मार्किट में स्कूटी पर सवार एक डाक्टर का पीछा करते हुए मोटरसाइकिल सवार दो लड़के सामने से उस पर तेजाब फेंककर फरार हो गए। तेजाब मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने फेंका। बताया जा रहा है कि तेजाब से झुलसी डॉक्टर काफी देर तक लोगों से मदद की गुहार लगाती रही। काफी देर बाद कुछ लोग उसकी मदद के लिए आगे आए। तेजाब से महिला डॉक्टर का चेहरा और शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। तेजाब फेंकने वाले युवक डिसकवर मोटरसाइकिलपर सवार थे। पीड़ित डाक्टर की उम्र करीब 30 साल है। घटना के समय वह ड्यूटी पर अस्पताल जा रही थी। उन्हें पहले उसी अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां वह काम करती हैं। वहां से उन्हें एम्स भेज दिया गया।

पुलिस ने इस संदर्भ में एक मामला दर्ज किया है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस पीड़ित महिला के पुरुष मित्रों और सहयोगियों से पूछताछ कर रही है। पीड़ित महिला हरिनगर की निवासी है। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि मोटरसाइकिल के पीछे बैठे युवक ने डॉक्टर का पर्स छीनने का भी प्रयास किया। लेकिन वह नाकाम रहा।

दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त तेजिंदर लूथरा के मुताबिक इस मामले में उन्हें कई सुराग मिले हैं। आरोपियों को जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।