महाराष्ट्र के ठाणे से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया। इस बात की जानकारी ठाणे पुलिस ने दी है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि उन्होने 15 साल की एक लड़की को हिरासत में लिया है। ठाणे जिले के उल्हासनगर में उसकी मां की हत्या के मामले में उसके 19 वर्षीय बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया गया है।

40 वर्षीय महिला कुछ साल पहले अपने पति से अलग हो गई थी और अपनी बेटी के साथ उल्हासनगर कैंप में रह थी। रविवार तड़के वह मृत पाई गई थी। महिला के चेहरे पर कई घाव थे और उसका चेहरा बिगाड़ दिया गया था। पुलिस ने बताया कि जांच में पता लगा है कि यह अपराध उसकी 15 साल की बेटी और उसके प्रेमी ने मिलकर किया है। उसका प्रेमी एक जीन्स फैक्ट्री में काम करता है। नाबालिग उसी फैक्ट्री में इंटर्न थी।

पुलिस ने कहा, “महिला उनके संबंधों के खिलाफ थी इसलिए दोनों ने साजिश रची और धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।” नाबालिग ने पुलिस को बताया कि उसने अपने प्रेमी की मदद से अपनी मां की हत्या की साजिश रची। उसने बताया कि जब वह शनिवार को दोपहर के भोजन के लिए घर आई, तो उसने अपनी मां का ध्यान भंग किया और प्रवेश द्वार खुला छोड़ दिया।

बाद में उसका प्रेमी धीरे से उसके घर आया और उसकी मां पर चाकू से हमला कर दिया। अपनी प्रेमिका की मां की हत्या करने के बाद वह फरार हो गया। साजिश के अनुसार नाबालिग जब शाम को घर वापस आई तब उसने इस बात की जानकारी आस पास के लोगों को दी और पुलिस को सूचित किया गया।

लड़के को 27 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है वहीं नाबालिग को रिमांड होम में रखा गया है।