लुटियंस दिल्ली के औरंगज़ेब लेन के दो साइनबोर्ड्स के साथ छेड़खानी करने के मामले में 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस के द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार उन्हें सुबह 5:40 मिनट पर सूचना मिली कि कुछ लोग तुगलक रोड के औरंगज़ेब लेन पर जमे हुए हैं।

मौके पर पहुँचने के बाद पुलिस ने पाया कि करीब 11 लोग औरंगज़ेब लेन की कई साइन बोर्ड के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे।  छेड़छाड़ कर रहे लोगों ने औरंगज़ेब की जगह गुरु तेगबहादुर के पोस्टर लगा दिए थे।  पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइनबोर्ड्स के साथ छेड़छाड़ के मामले में करीब 11 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।

हालाँकि अभी तक साइनबोर्ड के साथ छेड़छाड़ करने वाले लोगों के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों को तुगलक रोड स्थित पुलिस स्टेशन ले जाया गया है और क़ानूनी कारवाई की जा रही है।

आपको बताता चलूँ कि इससे पहले भी औरंगज़ेब लेन का नाम बदलने की कोशिश की गयी थी और उनके साइन बोर्ड को काले रंग से पोत दिया गया था।  2019 में शिरोमणि अकाली दल के विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने औरंगज़ेब लेन के साइनबोर्ड्स पर कालिख पोत दी थी और कहा था कि औरंगज़ेब एक ‘हत्यारा’ था जिसने गुरु तेग बहादुर की हत्या की और गुरु गोविंद सिंह के पुत्रों को प्रताड़ित किया।  सिरसा ने कहा था कि यह चौंकाने वाली बात है कि सिख गुरुओं पर अत्याचारों के बावजूद औरंगज़ेब का महिमामंडन किया गया।  इस पर संसद में चर्चा होनी चाहिए कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है