Home Remedies of Yogurt for Hair : हमेशा से ही लोग अपने बालों को मजबूत और घना बनाने के लिए आयुर्वेद का सहारा लेते आए हैं। बताया जाता है कि जब साबुन-शैम्पू नहीं हुआ करते थे तब भी लोग अपने बालों के लिए दही का इस्तेमाल किया करते थे और तब उनके बाल बहुत मजबूत और चमकदार होते थे। केमिकल युक्त शैम्पू का इस्तेमाल करने से हमारे बाल डैमेज हो जाते हैं। माना जाता है कि बालों के लिए दही बहुत अच्छी होती है। ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि बालों की मजबूती के लिए दही के घरेलू उपायों का इस्तेमाल किया जाए।
सिर्फ दही लगाना भी है कारगर – तीन से चार चम्मच दही लेकर उसे अच्छे से फेंट लें। फिर बालों की जड़ों में अच्छे से मलकर मसाज करें। दही में कैल्शियम और प्रोटीन की मात्रा बहुत अधिक होती है। इसलिए इसके नियमित इस्तेमाल से बालों को मजबूती मिलती है।
दही के साथ शहद है फायदेमंद – एक चम्मच शहद दो चम्मच दही और दो चम्मच नारियल का तेल मिलाकर पेस्ट बनाएं। इस पेस्ट को बालों की जड़ों में लगाकर दो घंटे बाद बाल धो लें। इससे बाल न सिर्फ मजबूत होंगे बल्कि उलझने भी बंद हो जाएंगे।
दही के साथ नींबू और सिरका है असरदार – बालों से डैंड्रफ निकालने के लिए तीन से चार चम्मच दही में आधा चम्मच नींबू का रस और एक चम्मच सिरका मिलाएं। इसे अच्छे से फेंट कर पेस्ट बना लें। फिर बालों की जड़ों पर लगाकर एक घंटे बाद बाल धो लें। इससे बालों को मजबूती भी मिलती है।
मुल्तानी मिट्टी के साथ दही – मुल्तानी मिट्टी को छ: घंटे के लिए भिगोकर उसका पानी अलग निकाल लें। तीन से चार चम्मच मुल्तानी मिट्टी के पानी में तीन चम्मच दही मिलाएं। फिर इस मिश्रण को अपने बालों में लगाएं। तीन घंटे बाद गुनगुने पानी से बाल धो कर सरसों का तेल लगाएं।
दही में मिलाएं स्ट्राबेरी – दही में स्ट्रॉबेरी मिलाकर लगाने से बाल चमकदार होते हैं। तीन से चार चम्मच दही में स्ट्रॉबेरी का पेस्ट मिलाएं। इस पेस्ट को अपने बालों की जड़ों पर लगाएं। इससे बाल बहुत जल्द चमकदार हो जाएंगे।
कारगर है बेकिंग सोडा – दही में बेकिंग सोडा मिलाकर लगाने से बाल घने होते हैं। तीन चम्मच दही में एक चुटकी बेकिंग सोडा मिलाकर बालों में लगाएं। इसे जड़ों में लगाकर अच्छे से मसाज करें। फिर एक से दो घंटे बाद गुनगुने पानी से बाल धोएं।