पूरे दिन काम करने के बाद थकावट के कारण व्यक्ति के शरीर में दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव जैसी समस्या होती है। ऐसा खासकर व्यक्ति के पैरों में होता है। पैर की मांसपेशियों में दर्द की समस्या को कई तरह दूर किया जा सकता है। बहुत से लोग इस दर्द से राहत पाने के लिए जैल, दवाईयों और स्प्रे का इस्तेमाल करते हैं। मगर इसके साइड इफेक्ट होने का खतरा रहता है। आप इस दर्द को योगासन की मदद से भी दूर कर सकते हैं। तो आइए आपको इन योगासन के बारे में बताते हैं जो आपके पैर की मांसपेशियों के दर्द को दूर करने में मदद करेंगे।
सर्वांगासन:
यह योग मुद्रा पैरों की मांसपेशियों में आए खिंचाव को दूर करने में मदद करता है। इस करने के लिए पीठ के बल लेट जाएं और अपने दोनों पैरों को ऊपर की तरफ उठाएं। अपने पैरों को तब तक उठाने की कोशिश करें जब तक आपका सारा वजन आपके कंधों, गर्दन और सिर पर ना आ जाए। इस मुद्रा में कुछ समय तक रहें।
शवासन:
इस योगासन का इस्तेमाल सभी तरह के लोग कर सकते हैं। इसे करने के लिए हाथ और पैरों को फैलाकर फर्श पर लेट जाएं। जब आप इस मुद्रा में हों तो अपने दिमाग से सभी विचारों को निकाल दें। यह मुद्रा शरीर की मांसपेशियों को आराम दिलाने में मदद करती है।
विपरीत करनी:
यह मांसपेशियों के दर्द से आराम दिलाने का सबसे आसान योगासन है। खासकर तब जब आपके पैरों की मांसपेशियां थकावट के बाद दर्द हो रही हों। आप इस योगासन को योगा मैट पर कर सकते हैं। इसे करने के लिए फर्श पर लेट जाएं और अपने नितम्बों को दीवार के बेस से टच कराएं। इसके बाद अपने पैरों को दीवार की तरफ ऊपर लेकर जाएं। इसके साथ ही आप अपने हाथों को भी स्ट्रैच कर सकते हैं। इस मुद्रा से आपकी कमर और पैरों की मांसपेशियों में आराम मिलता है।
सलंब भुजंगासन:
इस आसन को करने के लिए योगा मैट पर पेट के बल लेट जाएं। अब अपने हाथों को जमीन पर रखें और सिर को पीछे की तरफ धीरे-धीरे ले जाएं। जितनी देर संभव हो आप इस अवस्था में बनें रहें। यह आसन आपकी मांसपेशियों को ताकत प्रदान करता है और दर्द से राहत दिलाता है।
