Yoga for Monsoon: बारिश के मौसम में खुद को फिट और हेल्दी रखना काफी चुनौतीभरा होता है। दरअसल, इस मौसम में सर्दी-जुकाम और पाचन संबंधित कई तरह की समस्याएं बढ़ने के साथ-साथ इम्यूनिटी भी कमजोर हो जाती है। ऐसे में सबसे जरूरी अपनी फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य का खास ख्याल रखना होता है। आप हर रोज योग कर खुद को फिट रख सकते हैं। इस आर्टिकल में 3 तरह के योगासन को लेकर आए हैं, जिससे आप अपने दिन की शुरुआत कर सकते हैं।

ताड़ासन

बारिश के मौसम में आलस्य होना काफी आम होता है। ऐसे में आप हर रोज ताड़ासन कर सकते हैं। इसे करने से शरीर का संतुलन बनता है, साथ ही रीढ़ की हड्डी भी मजबूत होती है। इस आसन को करने से पूरे दिन शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। इसे करने के लिए सीधे खड़े होकर दोनों हाथ सिर के ऊपर उठाएं और पंजों पर खड़े होकर खिंचाव बनाएं।

भुजंगासन

भुजंगासन को कोबरा पोज के नाम से भी जाना जाता है। यह आसन पीठ के नीचले हिस्से में होने वाले दर्द से भी राहत दिलाता है। इसे करने के लिए आप सबसे पहले पेट के बल लेट जाएं। अब दोनों हाथों को कंधों के पास रखें और धीरे-धीरे शरीर के ऊपरी भाग को ऊपर उठाएं। गर्दन को पीछे की ओर झुकाएं और छाती खोलें। इस स्थिति में कुछ सेकंड रुकें, फिर धीरे-धीरे वापस आएं।

वज्रासन

वज्रासन करने से पाचन बेहतर होता है। दरअसल, बारिश के मौसम में कई लोगों को डाइजेशन से संबंधित परेशानी होने लगती है। ऐसे में यह आसन काफी कारगर हो सकता है। इस आसन को करने के लिए सबसे पहले घुटनों को मोड़कर एड़ियों पर बैठ जाएं। पीठ सीधी रखें और हाथ घुटनों पर रखें। अब ध्यानपूर्वक सांस लें और छोड़ें। इस आसन को आप खाने के बाद भी कर सकते हैं। यह पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है।