World Teachers Day 2025: भारत में हर साल 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिन समाज में शिक्षकों के योगदान और आने वाली पीढ़ियों को दिशा देने में उनकी अहम भूमिका को सम्मान देने के लिए समर्पित होता है। हालांकि, पूरी दुनिया में विश्व शिक्षक दिवस (World Teachers Day) हर साल 5 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिन उन शिक्षकों को समर्पित है, जो समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विश्व शिक्षक दिवस का इतिहास

वर्ल्ड टीचर्स डे को पहली बार 1994 में मनाया गया था। संयुक्त राष्ट्र की एक विशेष एजेंसी-संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (UNESCO) ने इसकी पहल की थी। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षकों के योगदान को पहचान देना और उनके अधिकारों व सम्मान की रक्षा करना था।

यूनेस्को ने दी थी मान्यता

विश्व शिक्षक दिवस मनाने के पीछे की वजह यह है कि 5 अक्टूबर 1966 को अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) की सिफारिश पर यूनेस्को ने ‘शिक्षकों की स्थिति के बारे में चिंता’ विषय पर एक ऐतिहासिक सिफारिश-पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। हालांकि, इसे आधिकारिक रूप से 1994 में स्थापित किया गया। इस सिफारिश में शिक्षकों के अधिकारों और जिम्मेदारियों, उनके प्रशिक्षण, रोजगार और कार्य परिस्थितियों से जुड़े मानक निर्धारित किए गए थे। इसी ऐतिहासिक दस्तावेज की याद में हर साल 5 अक्टूबर को विश्व शिक्षक दिवस मनाया जाने लगा।

विश्व शिक्षक दिवस का महत्व

विश्व शिक्षक दिवस हमें यह याद दिलाता है कि शिक्षा किसी भी समाज की रीढ़ होती है और शिक्षक उस रीढ़ को मजबूत करने वाले स्तंभ होते हैं। यह दिन पूरे विश्व के शिक्षकों के समर्पण, मेहनत और समाज के प्रति उनकी सेवा के लिए आभार व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।