World Hello Day 2024: किसी को फोन करते समय या फिर किसी के फोन कॉल का जवाब देते हुए सबसे पहले अभिवादन के रूप में हैलो बोला जाता है। यह आज से नहीं, बल्कि सदियों से इस शब्द का प्रयोग हो रहा है। क्या आप जानते हैं कि 21 नवंबर को हर साल विश्व हैलो दिवस के रूप में सेलिब्रेट किया जाता है?

वर्ल्ड हैलो डे कब मनाया जाता है?

जी हां, हर साल 21 नवंबर को वर्ल्ड हैलो डे ( World Hello Day) के रूप में मनाया जाता है। आज हम इस लेख में विश्व हेलो दिवस क्यों मनाया जाता है और फोन करते या फिर उठाते हुए हैलो क्यों कहा जाता है इस बारे में जानेंगे।

क्यों मनाया जाता है हैलो दिवस?

दरअसल, विश्व हैलो दिवस पूरी दुनिया में शांति का संदेश देता है। इसकी शुरुआत साल 1973 में हुई थी। दरअसल, इस समय मिस्र और इजरायल के बीच संघर्ष काफी जोरों पर था और कई लोगों की जान जा चुकी थी। ऐसे में शांति बहाली के लिए एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी के पीएचडी के छात्र ब्रायन मैककॉर्मैक और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के स्नातक माइकल मैककॉर्मैक ने हैलो की शुरुआत की।

180 देशों में किया जाता है सेलिब्रेट

दोनों छात्रों का मानना था कि हैलो से हम आपसी बातचीत को बढ़ा सकते हैं, जिससे आपसी संघर्षों को सुलझाया जा सकता है। उन्होंने इसके लिए दुनिया भर के सरकारों और नेताओं को अलग-अलग भाषा में 1,360 पत्र भेजे। तब से लेकर अब तक 180 देशों में विश्व हैलो दिवस को सेलिब्रेट किया जाता है।

फोन पर क्यों कहा जाता है हैलो?

आज भले ही स्मार्ट फोन का जमाना हो, लेकिन पहले इस तरह के फोन नहीं होते थे। हालांकि, आज के समय फोन का स्मार्ट होने के पीछे असली श्रेय टेलीफोन के आविष्कारक अलेक्जेंडर ग्राहम बेल (Alexander Graham Bell) को जाता है और ये भी कहा जाता है कि उन्होंने टेलीफोन का जब आविष्कार किया, तब पहला कॉल अपनी गर्लफ्रेंड को लगाया, जिनका नाम मारग्रेट हेलो था और उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड को हैलो कहा तभी से अभिवादन के लिए हैलो शब्द का प्रयोग किया जाने लगा। हालांकि, यह सिर्फ एक कहानी है, जो सच नहीं है।