Dhaba style mixed veg paratha: ठंड में गर्मागर्म घर में बने पराठे खाना सभी को पसंद होता है। ज्यादा सर्दी में रेस्टोरेंट या ढाबा जाने अगर मन न करे तो आप फटाफट घर में रखीं सब्जियों से टेस्टी मिस्क वेज पराठा बना सकते हैं। यहां हम आपके लिए ऐसी रेसिपी लेकर आए हैं जिनमें आप 5 से 6 तरीकों की सब्जियों को मिक्स करके जब पराठा बनाएंगे तो उसका स्वाद इतना जायकेदार होगा कि खाने वाले लोग उंगलियां चाटते रह जाएंगे। यहां हम 6 सब्जियों वाला गर्मागर्म टेस्टी मिक्स वेज पराठा ढाबा स्टाइल में बनाने की रेसिपी लेकर आए हैं।

मिक्स वेज पराठा बनाने की विधि

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

आटा – 100 ग्राम
मटर दाने उबले हुए – 1/2 कप
आलू उबला – 1
पत्तागोभी बारीक कटा – 1 कप
फूलगोभी कद्दूकस – 1 कप
गाजर कद्दूकस – 1
प्याज बारीक कटा – 1
अदरक कद्दूकस – 1 टुकड़ा
जीरा – 1 टी स्पून
लाल मिर्च – 1/2 टी स्पून
अजवायन – 1 टी स्पून
हरी मिर्च कटी – 2
नमक – स्वादानुसार
तेल

ढाबे जैसा स्वादिष्ट मिक्स वेज पराठा घर में कैसे बनाएं?

मिक्स वेज पराठा बनाने के लिए सबसे पहले फूलगोभी, गाजर, पत्तागोभी समेत सभी सब्जियों को पानी से धोकर साफ कर लें। फिर किसी बर्तन में पानी लेकर गैस पर गर्म करने के लिए रख दें। इसके बाद सब्जियों को उसमें डाल दें। पानी में एक बार उबाल आने पर गैस ऑफ कर दें। फिर सब्जी का पानी छलनी की मदद से अलग कर दें। इसके बाद आटा छान लें। इसमें उबले आलू, उबली गाजर, पत्तागोभी, फूलगोभी, मटर, प्याज, हरी मिर्च और अदरक डालकर सभी को अच्छी तरह से मैश कर लें।

इसमें स्वादनुसार नमक डालें। साथ ही लाल मिर्च पाउडर, जीरा, अजवायन मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर नरम आटा गूंद लें। फिर नॉनस्टिक पैन या तवा लेकर उसे धीमी आंच पर गर्म करने के लिए रख दें। फिर तेल डालकर फैला दें। अब आटे की लोइयां बनाएं। पराठे बेल लें। तवे पर डालकर पराठा सेक लें।