परफ्यूम का इस्तेमाल आज के समय में हर कोई करता है। ये लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। अच्छी खुशबू और फ्रेश फील करने के लिए लोग परफ्यूम लगाते हैं लेकिन क्या आपको पता है कि परफ्यूम और भी कई तरीके से आपको फायदा पहुंचा सकता है? इतना ही नहीं, आयुर्वेद में तो दिन में दो बार परफ्यूम लगाने की सलाह दी जाती है। आइए जानते हैं इसके पीछे का कारण-

आयुर्वेद में परफ्यूम का महत्व-

आयुर्वेद के अनुसार, सुबह और शाम के समय नेचुरल परफ्यूम लगाने से कई लाभ मिल सकते हैं। आयुर्वेद के प्रमुख विद्वान महर्षि चरक के मुताबिक, प्राकृतिक सुगंधों का इस्तेमाल मन को शांत करता है, शरीर को ताजगी प्रदान करता है और आपको ऊर्जा से भर देता है। इसके अलावा भी आपको कई फायदे मिलते हैं। जैसे-

मानसिक स्पष्टता बढ़ना

कुछ प्राकृतिक परफ्यूम जैसे नींबू या संतरे की खुशबू मन को शांत कर एकाग्रता में सुधार करती हैं, जिससे आप चीजों पर बेहतर तरीके से फोकस कर पाते हैं।

तनाव और चिंता होती है कम

कुछ नेचुरल परफ्यूम की स्मेल स्ट्रेस और एंजाइटी को कम करने में मदद कर सकती है। जैसे लैवेंडर और चंदन की खुशबू में स्ट्रेस हार्मोन के लेवल को कम करने वाले गुण मौजूद होते हैं। ऐसे में इन्हें लगाने से चिंता को कम करने और मन को शांत रखने में मदद मिलती है।

मूड होता है बेहतर

परफ्यूम का इस्तेमाल व्यक्ति के मूड को काफी हद तक बेहतर बना सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि क‍िसी भी गंध से मजबूत भावनात्‍मक प्रति‍क्र‍ियाएं बन सकती हैं। आसान भाषा में कहें, तो आप क‍िसी भी खुशबू या गंध के जर‍िए क‍िसी अच्‍छी या बुरी घटना से जुड़ जाते हैं। एक सुखद स्मेल अच्छी भावनाओं और यादों को उत्तेजित कर सकती है, जिससे खुशी की भावना बढ़ती है और आपका मूड अच्छा रहता है।

पॉजिटिव एनर्जी

अच्छी खुशबू नकारात्मक भावनाओं को कम करके सकारात्मकता और समृद्धि को आकर्षित करती है। आसान भाषा में कहें, तो अच्छी खुशबू पॉजिटिव एनर्जी को बढ़ावा देती है, जिससे भी आपको फायदा मिलता है।

आत्मविश्वास में वृद्धि

अच्छी खुशबू आत्मविश्वास को बढ़ाने में मदद करती है। वहीं, जब आत्मविश्वास बढ़ता है तो आप सामाजिक और पेशेवर स्थितियों में अधिक सहज महसूस करते हैं।

नींद में सुधार

खासकर शाम के समय परफ्यूम लगाने से आराम की भावना बढ़ जाती है, जिससे अच्छी नींद में मदद मिलती है।

इन बातों का रखें ध्यान-

इन तमाम फायदों को पाने के लिए आप अपने दिन की शुरुआत नींबू या संतरे जैसी रिफ्रेशिंग स्मेल वाले परफ्यूम लगाकर कर सकते हैं। इस तरह की स्मेल आपको दिनभर फ्रेश और एनर्जेटिक रखने में मदद करती है।

वहीं, शाम के समय आप मन को शांत करने वाली स्मेल चुन सकते हैं। इसके लिए आप लैवेंडर या चंदन की खुशबू वाले परफ्यूम लगा सकते हैं। ये थकान को दूर करने में सहायक होती हैं।

उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- केला खाने के ये 3 तरीके हैं बेस्ट, वेट लॉस और बॉडी डिटॉक्स करने वालों को जरूर अपनाना चाहिए