नारियल का इस्तेमाल कई अलग-अलग डिश बनाने में किया जाता है। खासकर साउथ इंडियन फूड बिना नारियल की चटनी के अधूरा सा लगता है। कई लोग नारियल को सादा खाना भी पसंद करते हैं क्योंकि इसका स्वाद बेहद कमाल का होता है, साथ ही नारियल खाने से सेहत को भी कई फायदे मिलते हैं। ऐसे में हेल्थ एक्सपर्ट्स भी इसे डाइट का हिस्सा बनाने की सलाह देते हैं।

हालांकि, नारियल को लेकर एक परेशानी की बात यह होती है कि इसे छीलना बेहद मुश्किल होता है। इतना ही नहीं, कई बार तो सख्त खोल से नारियल को निकालने में घंटे भर का समय लग जाता है। ऐसे में लोग फिर न चाहते हुए भी इसे खाने से बचने लगते हैं। अगर आप भी अक्सर इस समस्या से परेशान रहते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए बड़े काम का साबित हो सकता है।

यहां हम आपको एक ऐसी कमाल की ट्रिक बता रहे हैं, जिसकी मदद से आप केवल 5 मिनट के अंदर नारियल से उसके खोल को अलग कर पाएंगे। अधिक कमाल की बात यह है कि इसके लिए आपको किसी खास चीज की भी जरूरत नहीं होगी, बल्कि इस तरीके से नारियल अपने आप खोल से फिसलकर बाहर आने लगता है। ये कमाल की ट्रिक मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की है। आइए जानते हैं इसके बारे में-

इस तरह 5 मिनट में खोल से अलग कर लें नारियल

स्टेप 1- सबसे पहले नारियल को छीलकर इसे 2 टुकड़ों में तोड़ लें।
स्टेप 2- इसके बाद टूटे हुए नारियल को खोल की ओर से गैस फ्लेम पर रखें और खोल के काला पड़ने तक इसे ऐसे ही छोड़ दें।
स्टेप 3- करीब 2-3 मिनट बाद नारियल का खोल काला पड़ जाएगा, तब किसी पकड़ की मदद से इसे पकड़ें और सीधे ठंडे पानी से भरे बाउल में डाल लें।
स्टेप 4- मास्टरशेफ पंकज भदौरिया बताती हैं कि ऐसा करने से नारियल खोल के अंदर सिकुड़ने लगता है, तब आपको समय का ध्यान रखना है। खोल हल्का ठंडा पड़ते ही एक चाकू लें और इसे खोल के अंदर घुमाएं। ऐसा करते ही नारियल फिसलकर खोल से बाहर आ जाएगा।

पंकज भदौरिया के मुताबिक, ये पूरा प्रोसेस बेहद आसान है। इस तरीके से आप बिना ज्यादा मेहनत किए 5 मिनट के अंदर नारियल को खोल से अलग निकाल सकते हैं और अपनी पसंदीदा डिश बनाने के लिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं या सादा नारियल खा सकते हैं।

हालांकि, इस दौरान कुछ खास सावधानियां बरतना जरूरी है। जैसे- गर्म होने पर नारियल को सावधानी से पड़कें, साथ ही चाकू को भी खोल के अंदर बेहद सावधानी से घुमाएं। आपको बहुत अधिक जोर नहीं लगाना है। ऐसा करने से चाकू फिसलकर हाथ पर लग सकता है। ऐसे में बेहद सावधानी से इन दोनों काम को करें।

उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- इलाहाबाद की प्रसिद्ध मिठाई कौन सी है? Mahakumbh 2025 के लिए जा रहे हैं तो बिना खाए न लौटें