सर्दियों का मौसम आते ही मार्केट में शकरकंद की भरमार दिखने लगती है। यह स्वाद और सेहत दोनों के लिए बेहतर होता है। यही कारण है कि इसे सर्दियों का सुपरफूड भी कहा जाता है। इसमें विटामिन A, विटामिन C, फाइबर, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो वजन घटाने से लेकर इम्यूनिटी बूस्ट करने और स्किन को चमकदार बनाने में काफी मदद करते हैं।

आप इसको अपनी डेली डाइट में भी शामिल कर सकते हैं। इस आर्टिकल में हम आपको शकरकंद को खाने में शामिल करने के 5 हेल्दी और टेस्टी तरीकों के बारे में बताएंगे, जिन्हें आप फॉलो कर सकते हैं।

उबालकर करें सेवन

शकरकंद को खाने का सबसे आसान तरीका है कि आप इसे उबालें और खा लें। हालांकि, इसको उबालने से पहले इसे अच्छी तरह धोना जरूरी होता है। अगर इसके टेस्ट को बेहतर बनाना है, तो आप इस पर हल्का नमक और नींबू भी डाल सकते हैं।

शकरकंद की चाट

अगर आप एक ही तरीके से शकरकंद को खाकर बोर हो गए हैं और इसे टेस्टी बनाना चाहते हैं, तो आप इससे चाट भी बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले उबली हुई शकरकंद को टुकड़ों में काटें। अब आप इसमें प्याज, टमाटर, नींबू का रस, चाट मसाला और हरा धनिया मिलाएं। अब आप इसे खा सकते हैं।

शकरकंद पराठा

शकरकंद से आप पराठा भी आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसके लिए उबली हुई शकरकंद को अच्छी तरह मैश करें। अब आप इसमें हरा धनिया, अदरक, नमक और मसाले डालकर पराठा तैयार कर लें। यह एक काफी हेल्दी और एनर्जेटिक ब्रेकफास्ट होता है।

शकरकंद स्मूदी

आप शकरकंद से स्मूदी भी तैयार कर सकते हैं। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले उबली हुई शकरकंद को मिक्सी में डालें। अब आप इसमें दही या दूध और हल्का शहद मिलाकर अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। इस तरह आपकी शकरकंद स्मूदी आसानी से तैयार हो जाएगी।

शकरकंद की खीर

अगर आपको मीठा खाने का मन हो, तो आप शकरकंद से खीर भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए उबली हुई शकरकंद को दूध, गुड़ और इलायची के साथ पकाएं। इसके सेवन से एनर्जी तो बूस्ट होती ही है, साथ ही यह स्वाद में भी बेहतर होता है।