Haircare Tips: आज के समय बालों को आकर्षक और फैशनेबल बनाने में लोग कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। लड़के जहां स्टाइलिश बालों के लिए जेल का इस्तेमाल करते हैं, वहीं लड़कियां भी खूबसूरत बालों के लिए तमाम तरीके अपनाती हैं। ऐसे में बालों को दिन भर में कई तरह के बदलावों से होकर गुजरना पड़ता है। यही नहीं, धूप और धूल में बाल बेजान भी हो जाते हैं। डल हेयर न केवल बालों की चमक छीन लेते हैं, बल्कि इससे उनकी गुणवत्ता भी प्रभावित होती है। साथ ही, बालों को चिकनाई को कम करने में डैंड्रफ की भूमिका भी अहम होती है। ऐसे में हेयर मास्क का इस्तेमाल जरूरी हो जाता है। ये बालों को पोषण प्रदान करते हैं। अगर घरेलू हेयर मास्क का इस्तेमाल किया जाएगा तो इससे साइड इफेक्ट्स का खतरा न के बराबर होता है। आइए जानते हैं –
घी से मिलती है नमी: घी में प्रचुर मात्रा में विटामिन ए पाया जाता है, साथ ही इसे फैटी एसिड का भी बेहतरीन स्रोत माना जाता है। इसके इस्तेमाल से स्कैल्प व बालों तक नमी पहुंचती है। ये स्कैल्प में होने वाली खुजली को कम करने में भी सहायक है। इससे लटें चमकदार होती हैं, इसके अलावा घी के इस्तेमाल से दोमुंहे बालों की परेशानी भी दूर होती है।
नीम से दूर होती है गंदगी: नीम अपने एंटी-फंगल व हीलिंग प्रॉपर्टीज के लिए जाना जाता है। इसे यूज करने से डैंड्रफ की परेशानी को कम किया जा सकता है। स्कैल्प से गंदगी दूर कर उन्हें हेल्दी बनाता है, साथ ही हेयर फॉलिकल्स को मजबूती प्रदान करता है। बालों को झड़ने से रोकने में भी नीम असरदार साबित होता है। इसके अलावा, कम उम्र में जिन्हें सफेद बालों की परेशानी होती है, उनके लिए भी नीम का इस्तेमाल फायदेमंद होगा।
कैसे बनाएं मास्क: इस मास्क को बनाने के लिए आपको 10 से 15 नीम के पत्ते, 3 चम्मच घी और 1 चम्मच शहद की जरूरत होगी। नीम के पत्ते को क्रश करें और उसमें घी और शहद मिलाएं। रात भर ऐसे ही छोड़ दें, 3 से 4 मिनट तक इसे धीमी आंच पर चढ़ाएं।
क्या है लगाने का तरीका: इस मास्क को अपने बालों की पूरी लंबाई में लगाएं। गर्म पानी में के बर्तन में एक तौलिया डुबोएं और उसे 5 से 10 मिनट तक बालों पर रखें। इससे हेयर क्यूटिकल्स खुल जाते हैं और मास्क का असर भी बढ़ जाता है। अब आधे घंटे तक इसे बालों पर लगाएं और फिर माइल्ड शैम्पू की मदद से बाल धो लें।