आज के समय में दांतों में कीड़े लगना एक समस्या बन गई है। खराब और अनहेल्दी लाइफस्टाइल के कारण अक्सर लोगों को दांतों में कीड़े लगने की समस्या हो जाती है, इसकी वजह से दांतों और मसूड़ों में तेज दर्द होता है। बता दें कि जब दांतों की सतह पूरी तरह नष्ट हो जाती है तो इसमें छोटे-छोटे छेद होने लगते हैं, इस स्थिति को दांतों में कीड़ा लगना कहा जाता है। मेडिकल टर्म में दांत में कीड़े की समस्या को कैविटी कहा जाता है।

कीड़े लगने की वजह से दांत पीले पड़ जाते हैं और इनसे बदबू आने लगती है। ऐसे में आपको तुरंत डेंटिस्ट के पास जाना चाहिए। हालांकि अगर दांतों की स्थिति ज्यादा खराब नहीं हुई है तो आप घरेलू उपायों की मदद से भी कैविटी से छुटकारा पा सकते हैं।

लहसुन: कैविटी की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप लहसुन की मदद ले सकते हैं। इसके लिए चार-पांच लहसुन की कलियों को छीलकर बारीक पेस्ट बना लें। फिर इस पेस्ट को 10 मिनट के लिए अपने दांतों पर लगाएं और ऐसे ही छोड़ दें। बाद में साफ पानी से कुल्ला कर लें। नियमित तौर पर यह उपाय अपनाने से दांतों में कीड़े लगने की समस्या से निजात पाया जा सकता है।

हल्दी: औषधीय गुणों से भरपूर हल्दी में एंटी-माइक्रोबियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। यह मसूड़ों की सूजन को दूर करने में मदद करती है। इसके लिए हल्दी में सरसों का तेल मिला लें। फिर इसे मसूड़ों पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें।

नारियल का तेल: इसके लिए नारियल तेल को कुछ देर मुंह में रखें। लगभग 10 मिनट तक मुंह में घुमाने के बाद कुल्ला कर लें। इसके बाद ब्रश करें।

मुलेठी: मुलेठी की जड़ कैविटी की समस्या से निजात दिलाने में बेहद ही लाभदायक है। इसके लिए मुलेठी के टुकड़े को अच्छी-तरह से पीस लें। फिर इस पाउडर से ब्रश करें। बाद में साफ पानी से कुल्ला कर लें।

आंवला: एंटी-बैक्टीरियल गुणों से भरपूर आंवला इंफेक्शन से लड़ने में मदद करता है। यह सांसों की बदबू से भी छुटकारा दिलाने में कारगर है। इसके लिए आंवले का पेस्ट बनाकर अपने दांतों पर लगाएं। बाद में साफ पानी से कुल्ला कर लें।