Best homemade face pack for glowing face: भागदौड़ भरी जिंदगी में अक्सर महिलाएं अपने लिए समय नहीं निकाल पाती हैं। रोजाना स्किन केयर करना कई बार वो भूल जाती हैं। प्रदूषण, गंदगी, केमिकल युक्त फेस प्रॉडक्ट का इस्तेमाल करने की वजह से कई बार चेहरे की प्राकृतिक चमक गायब सी हो जाती है। ऐसे में चेहरा डल, ड्राई नजर आने लगता है। चेहरे की चमक को वापस लाने, रंगत निखारने और उसे मुलायम बनाने के लिए आप घर में रखीं नेचुरल चीजों से लेप बना सकती हैं। इससे बिना पार्लर जाए ही आपका चेहरा दमकने लगेगा।
आलू और नींबू
सबसे पहले चेहरे पर जमी टैनिंग को हटाने के लिए आपको काम करना चाहिए। इसके लिए आप आलू और नींबू का इस्तेमाल कर सकती हैं। आलू में स्टार्च और नींबू में विटामिन C होता है। यह दोनों ही चीजें स्किन से टैनिंग हटाने में मदद करती हैं। इसे अप्लाई करने के लिए आलू को कद्दूकस करें। उसका रस निकालें। इसके बाद उसमें कुछ बूंदें नींबू के रस की मिलाएं। तैयार लेप को 15 मिनट चेहरे पर लगा रहने दें उसके बाद फेस वॉश कर लें।
बेसन
चेहरे की रंगत निखारने के लिए आपको बेसन का लेप लगाना चाहिए। इसे बनाने के लिए दो चम्मच बेसन में दूध या दही मिलाएं। इसमें एक चुटकी हल्दी मिलाना बिल्कुल भी न भूलें। तैयार लेप को अपने चेहरे और गर्दन पर अच्छी तरह लगाएं। 20 मिनट इसे ऐसे ही सूखने दें। इसके बाद हल्के हाथों से मसाज करते हुए इसे हटा दें।। फिर चेहरे को पानी से धो लें। इससे नियमित रूप से लगाने से रंगत साफ होने लगेगी।
शहद
सर्दियों के मौसम में अक्सर चेहरा रूखा और बेजान नजर आता है। ऐसे में उसे मुलायम और चमकदार बनाने के लिए आप शहद का इस्तेमाल करें। यह प्रकृति का सबसे बेहतरीन मॉइस्चराइजर और हीलर है। इसमें एंटीबैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। त्वचा को इसे लगाने से नमी मिलती है। साथ ही नेचुरल शाइन भी मिलती है। इसे लगाने के लिए एक चम्मच शहद को चेहरे और गर्दन पर लगाएं। इसे 10-15 मिनट तक लगा रहने दें और फिर गुनगुने पानी से धो लें। आप इसमें नींबू के रस की कुछ बूंदें भी मिला सकते हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।
