नवजात शिशुओं के लिए सबसे ज्यादा बेहतर मां का दूध होता है। जन्म से 6 महीने तक बच्चों को मां का दूध पिलाने की सलाह डॉक्टर भी देते हैं। क्योंकि, इस दौरान शिशुओं का पेट ठोस खाने को पचाने में सक्षम नहीं होता। 6 महीने के बाद बच्चे को माताएं ठोस आहार देना शुरू करती हैं, इसके साथ ही मां बच्चों को स्तनपान भी कराती हैं, जिससे खाना पचाने में मदद मिल सके। महिलाएं को एक से डेढ़ साल के बीच बच्चे का स्तनपान छुड़वा देना चाहिए। बच्चों का स्तनपान छुड़वाने से पहले कुछ ऐसे हेल्दी खाने की आदत डालनी चाहिए, जिससे उनका शारिरिक और मानसिक विकास हो सके।

बच्चों को दें दाल का पानी: बच्चों का दूध छुड़वाने से पहले उन्हें पोषक आहार खिलाने की आदत डाल देनी चाहिए। जब शिशु 6 महीने का हो जाए, तो उसके लिए दाल का पानी काफी फायेदमंद होता है। क्योंकि, ना सिर्फ यह आसानी से पच जाता है, बल्कि शिशु को भरपूर मात्रा में विटामिन और प्रोटीन भी देता है। ऐसे में आप शिशु को अरहर, मूंग और मसूर की दाल का पानी पिला सकती हैं।

वेजिटेबल सूप: बच्चों के लिए वेजिटेबल सूप काफी फायदेमंद होता है। यह शिशु को हेल्दी रखने में मदद करता है। साथ ही उन्हें भरपूर मात्रा में विटामिन, मिनरल्स और प्रोटीन जैसे पोषक तत्व भी देता है। वेजिटेबल सूप का सेवन करने से बच्चे का पेट भरा रहता है। साथ ही यह शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में भी मदद करता है। ऐसे में बच्चों को मौसम के हिसाब से सब्जियों का सूप दे सकती हैं।

फ्रूट्स: बच्चों को मीठे फल काफी पसंद होते हैं। ऐसे में उन्हें फ्रूट्स की आदत डलवाना काफी आसान होता है। फल ना सिर्फ बच्चों को हेल्दी रखते हैं, साथ ही उन्हें पोषण देने में मदद करते हैं। बच्चे के जन्म के 6 महीने के बाद आप उन्हें फलों का जूस पिला सकते हैं।

खिचड़ी: बच्चों को हमेशा ऐसा आहार देना चाहिए, जिसे वह आसानी से पचा सके। ऐसे में आप उन्हें खिचड़ी खिला सकती हैं। क्योंकि, खिचड़ी में दाल के पोषक तत्व मिले होते हैं। बच्चों को खिलाने के लिए ऐसी खिचड़ी बनाएं, जिसमें पानी थोड़ा ज्यादा हो। क्योंकि, ऐसे में यह आसानी से पच जाती है।